आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलग-अलग राज्यों के भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे, जबकि संसद में ‘नक्सल मुक्त भारत’ जैसे महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा होने की संभावना है। प्रधानमंत्री का मुख्य फोकस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से वे ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ अभियान के तहत पुदुचेरी और असम के भाजपा कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। यह संवाद डिजिटल माध्यम से NaMo App के जरिए आयोजित किया जाएगा, जिससे बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एक साथ जुड़ सकें।
‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत संवाद – असम’ के तहत पीएम मोदी करेंगे चर्चा
कार्यक्रम की शुरुआत असम से होगी, जहां प्रधानमंत्री दोपहर 1 बजे ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत संवाद – असम’ पहल के अंतर्गत कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। इस दौरान वे संगठन की मजबूती, चुनावी रणनीति और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे। यह संवाद कार्यकर्ताओं को प्रेरित करने और उन्हें आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
शाम 5:30 बजे पुदुचेरी के भाजपा कार्यकर्ताओं से बात करेंगे पीएम
इसके बाद शाम 5:30 बजे प्रधानमंत्री पुदुचेरी के भाजपा कार्यकर्ताओं से जुड़ेंगे, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए इसमें भाग लेने को लेकर उत्साह व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पिछले पांच वर्षों में ‘डबल इंजन’ सरकार ने पुदुचेरी के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास किया है। पीएम मोदी ने यह भी विश्वास जताया कि पुदुचेरी की जनता एक बार फिर एनडीए को अपना समर्थन देगी। इस संवाद के माध्यम से वे कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देंगे और बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में मार्गदर्शन करेंगे।
Written By Toshi Shah