हाल ही में अभिनेता मुजम्मिल इब्राहिम का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर फिर से वायरल होने लगा, जिसमें उन्होंने अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के साथ अपने रिश्ते और ब्रेकअप को लेकर कुछ दावे किए थे। वीडियो के दोबारा चर्चा में आने के बाद मुजम्मिल ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है और कहा है कि उनके पुराने इंटरव्यू को गलत संदर्भ में पेश किया जा रहा है।
मुजम्मिल इब्राहिम ने पोस्ट कर कही ये बात
मुजम्मिल इब्राहिम ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए स्पष्ट किया कि जिस इंटरव्यू की क्लिप्स वायरल हो रही हैं, वह एक साल से अधिक पुरानी रिकॉर्डिंग है। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में इसे नए दावे के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि वायरल किए गए वीडियो में लंबी बातचीत के केवल कुछ हिस्सों को ही दिखाया गया है।
पुराने विषय पर ध्यान से करें बात
उन्होंने आगे लिखा कि किसी भी पुराने विषय पर बात करते समय संदर्भ, सम्मान और झिझक जैसी बातें महत्वपूर्ण होती हैं, लेकिन एडिटिंग के दौरान कई बार इन्हें हटाकर छोटे-छोटे हिस्सों में पेश कर दिया जाता है, जिससे बातचीत का वास्तविक अर्थ बदल सकता है। मुजम्मिल ने कहा कि उन्होंने हमेशा अपने अतीत से जुड़े लोगों के बारे में सम्मानपूर्वक बात की है और आज भी उसी सोच पर कायम हैं।
पूरा ध्यान अपने काम और निजी जीवन पर- मुजम्मिल
पोस्ट के अंत में अभिनेता ने लिखा कि पिछले कई वर्षों से उनका पूरा ध्यान अपने काम और निजी जीवन को बेहतर बनाने पर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोगों का फोकस भी उनके पेशेवर सफर पर ही रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वह हमेशा ईमानदारी और सम्मान के साथ अपनी बात रखने में विश्वास करते हैं।
मुजम्मिल इब्राहिम ने इंटरव्यू में कही ये बात
दरअसल, वायरल इंटरव्यू में मुजम्मिल इब्राहिम ने दावा किया था कि उन्होंने और दीपिका पादुकोण ने करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट किया था, उन्होंने यह भी कहा था कि मुंबई में दीपिका से उनकी पहली मुलाकात हुई थी और उस समय उन्होंने ही उन्हें प्रपोज किया था। इंटरव्यू में मुजम्मिल ने यह भी कहा था कि रिश्ता उन्होंने ही खत्म किया था और इस फैसले को लेकर उन्हें कोई पछतावा नहीं है, उन्होंने उस समय के अपने और दीपिका के करियर का भी जिक्र किया था।
दीपिका पादुकोण के तरफ से नहीं आई कोई प्रतिक्रिया
मुजम्मिल के पुराने बयान के दोबारा वायरल होने के बाद उन्होंने अब साफ किया है कि उनकी बातों को अधूरे और बदले हुए संदर्भ में पेश किया जा रहा है। फिलहाल दीपिका पादुकोण या उनकी टीम की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Written By Toshi Shah