कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने “370 रुपये की बिरयानी” वाले वायरल विवाद में घिरे कॉमेडियन प्रणीत मोरे का समर्थन किया है और लोगों से इस मामले को आगे न बढ़ाने की अपील की है। मुनव्वर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कहा कि शो के दौरान हुई बातचीत और कुछ टिप्पणियां गलत थीं, और वह इससे सहमत नहीं हैं, लेकिन उनका मानना है कि अब इस विवाद को खत्म कर देना चाहिए। उनके मुताबिक, इस पूरे मामले में शामिल लोगों को पहले ही काफी नुकसान हो चुका है। एफआईआर दर्ज हो चुकी है, करियर और नौकरी पर असर पड़ा है और सामाजिक बदनामी भी हो चुकी है। इसलिए अब लगातार ट्रोलिंग और दबाव बनाना ठीक नहीं है।

कैसे शुरू हुआ विवाद

यह विवाद तब शुरू हुआ जब एक स्टैंड-अप शो का क्लिप वायरल हुआ, जिसमें 23 वर्षीय हिमांशु जांगड़ा ने डेट के दौरान 370 रुपये की बिरयानी पर की गई एक टिप्पणी को लेकर मजाकिया अंदाज़ में “रिटर्न” जैसी बात कही थी। इस पर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया हुई और शो में मौजूद लोगों के साथ-साथ आयोजकों की भी आलोचना शुरू हो गई। बाद में दोनों पक्षों ने माफी मांगी और अपने सोशल मीडिया अकाउंट कुछ समय के लिए बंद कर दिए।

हिमांशु जांगड़ा की गई नौकरी

मामला आगे बढ़ने पर हिमांशु जांगड़ा की नौकरी भी चली गई। वे स्टारविक डिज़ाइन में काम करते थे और कंपनी के फाउंडर ने सार्वजनिक रूप से उन्हें नौकरी से हटाने की घोषणा की। वहीं, बता दें कि इस पूरे विवाद में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए प्रणीत मोरे और हिमांशु जांगड़ा को समन भेजा है।

Written By Toshi Shah