उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक बेहद दुर्लभ घटना सामने आई, जहां एक महिला ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। इस अप्रत्याशित स्थिति को देखकर मां को गहरा सदमा लगा और बाद में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
गहरे सदमे में चली गई मां
अलीगढ़ के सासनी गेट क्षेत्र के बिहारी नगर निवासी आकाश कुमार ने अपनी पत्नी नीरू को 17 मार्च को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। दोपहर में महिला की हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। परिजनों की सहमति के बाद स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा ने सर्जरी के माध्यम से डिलीवरी कराई, जैसे ही नवजात का जन्म हुआ, ऑपरेशन थियेटर में मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। जन्मे बच्चे जुड़वा थे, लेकिन उनका शरीर एक ही धड़ से जुड़ा हुआ था। दोनों के दो सिर और चार-चार हाथ-पैर थे। यह दृश्य देखकर मां गहरे सदमे में चली गई।
महिला के इलाज के दौरान हुई मौत
अस्पताल के सीएमएस डॉ. मो. तैय्यब खान के अनुसार, महिला की डिलीवरी के बाद होने वाली दुर्लभ मानसिक स्थिति ‘पोस्टपार्टम साइकोसिस’ हो गई थी, जिसके कारण उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, उन्हें उसी रात जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। बाद में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, दोनों नवजात बच्चे पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
विशेषज्ञों ने कही ये बात
विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसे मामलों में जब एक निषेचित अंडाणु (फर्टिलाइज्ड एग) दो भ्रूणों में विभाजित होता है, तो जुड़वा बच्चे बनते हैं। लेकिन यदि यह विभाजन पूरी तरह से समय पर नहीं हो पाता, खासकर 13 से 17 दिनों के बाद, तो बच्चे आपस में जुड़े हुए जन्म लेते हैं।
Written By Toshi Shah