Doklam Railway Line: चीन-भूटान सीमा के पास अपनी सामरिक तैयारियों को मजबूत करने के लिए भारत ने एक बड़ा कदम उठाया है।रेलवे मंत्रालय ने उत्तर बंगाल में खूनीया मोड़ से जलढाका तक 17 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन को मंजूरी दे दी है।करीब 272 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के लिए पश्चिम बंगाल में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज की जाएगी।यह रेल लाइन डोकलाम ट्राई-जंक्शन के करीब तक पहुंच बनाकर सेना की रसद क्षमता को मजबूत करेगी।

272 करोड़ रुपये की मंजूरी
दार्जिलिंग से लोकसभा सांसद Raju Bista ने सोशल मीडिया पर बताया कि रेलवे मंत्रालय ने इस रणनीतिक परियोजना के लिए 272 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।मॉनसून समाप्त होने के बाद भारतीय रेलवे और पश्चिम बंगाल वन विभाग संयुक्त सर्वे करेंगे, जिसके आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार होगी।

कहां से कहां तक बनेगी रेल लाइन?
रेल लाइन चालसा के पास खूनीया मोड़ से शुरू होकर भूटान सीमा के नजदीक जलढाका तक जाएगी। यह ट्रैक जलपाईगुड़ी और कलिम्पोंग वन प्रभाग के घने और दुर्गम इलाकों से होकर गुजरेगा। भूमि अधिग्रहण और सर्वे के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।

डोकलाम के कारण बढ़ी अहमियत
इस परियोजना का सबसे बड़ा महत्व इसकी रणनीतिक स्थिति है।जलढाका नदी का उद्गम सिक्किम में जेलेप-ला दर्रे के पास स्थित क्षेत्र से होता है, जो डोकलाम ट्राई-जंक्शन के बेहद करीब है।वर्ष 2017 में इसी इलाके में भारत और चीन की सेनाओं के बीच 73 दिनों तक सैन्य गतिरोध चला था।ऐसे में यह नई रेल लाइन सीमा तक सैन्य उपकरणों, जवानों और रसद की तेज आवाजाही सुनिश्चित करेगी।

पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
यह परियोजना केवल रक्षा जरूरतों तक सीमित नहीं रहेगी।रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से डुआर्स, जलढाका, बिंदु और तोडे तांगता जैसे सीमावर्ती पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी, जिससे स्थानीय पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सीमा की ओर दूसरा बड़ा रेल नेटवर्क
सांसद राजू बिस्टा के अनुसार, भारत चालसा से चीन सीमा की दिशा में करीब 200 किलोमीटर लंबे रेलवे नेटवर्क के विस्तार पर काम कर रहा है।सेवोक-रंगपो रेल परियोजना के बाद जलढाका लाइन चीन सीमा की ओर जाने वाली सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक रेल परियोजनाओं में शामिल होगी।

और पढ़ें: 

ट्रंप का बड़ा एक्शन! 28 हजार विदेशी ट्रक ड्राइवरों के लाइसेंस रद्द, अब एक्स फौजियों को मिलेगा मौका

क्या फिर निशाने पर डोनाल्ड ट्रंप? गोल्फ क्लब के बाहर हथियारों के साथ संदिग्ध गिरफ्तार 

Written by Shailesh Yadav