Donald trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैलिफोर्निया स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के पास एक संदिग्ध व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। पुलिस ने 38 वर्षीय जीनिन जॉन टेले को हिरासत में लिया, जिसके पास से एक लोडेड पिस्तौल, गोलियों से भरी 16-राउंड मैगजीन और अन्य हथियार बरामद किए गए।

गोला-बारूद व बॉडी आर्मर बरामद
यह कार्रवाई रिपब्लिकन नेशनल कमेटी (RNC) के फंडरेजिंग कार्यक्रम से दो दिन पहले की गई। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी गोल्फ क्लब के आसपास तस्वीरें और वीडियो बना रहा था तथा सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखता दिखाई दे रहा था।
पुलिस ने बाद में डाउनी स्थित आरोपी के घर की तलाशी ली, जहां से कई हथियार, अतिरिक्त मैगजीन, गोला-बारूद, बॉडी आर्मर और कुछ नोटबुक बरामद हुईं। अधिकारियों का कहना है कि नोटबुक में लिखी कुछ बातें जांच के दायरे में हैं।

आरोपी पर बड़ी क्षमता वाली मैगजीन रखने, प्रतिबंधित हथियार रखने, सेकेंड-डिग्री रॉबरी और वाहन में छिपाकर हथियार ले जाने समेत कई आरोप लगाए गए हैं। हालांकि उसने अदालत में सभी आरोपों से इनकार किया है। अदालत ने उसे गोल्फ क्लब से दूर रहने और हथियार न रखने का आदेश दिया है। उसकी जमानत 2.5 लाख डॉलर तय की गई है।

FBI और सीक्रेट सर्विस जांच में जुटीं
मामले की जांच FBI की जॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स और अमेरिकी सीक्रेट सर्विस कर रही है। फिलहाल अधिकारियों ने यह पुष्टि नहीं की है कि आरोपी ट्रंप पर हमले की किसी ठोस साजिश को अंजाम देने वाला था। जांच जारी है और एजेंसियां उसके मकसद तथा संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही हैं। ट्रंप इससे पहले भी सुरक्षा खतरों का सामना कर चुके हैं। जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया की चुनावी रैली में उन पर गोली चली थी, जबकि सितंबर 2024 में फ्लोरिडा स्थित उनके गोल्फ कोर्स के पास एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया था। हालिया घटना के बाद एक बार फिर उनकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

वैसे ट्रंप पर पहले भी ऐसे सीन हो चुके हैं।
13 जुलाई 2024: पेंसिल्वेनिया में कान के पास से गोली निकल गई थी।
15 सितंबर 2024: फ्लोरिडा में झाड़ियों के पीछे से बंदा पकड़ाया था।
26 अप्रैल 2026: वाशिंगटन के इवेंट में भी फायरिंग हुई थी। 

और पढे़ं:  ट्रंप का बड़ा एक्शन! 28 हजार विदेशी ट्रक ड्राइवरों के लाइसेंस रद्द, अब एक्स फौजियों को मिलेगा मौका 

Written by Shailesh Yadav