लखनऊ के अलीगंज इलाके से बड़ी घटना सामने आई है। यहां एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि आग इतनी भयंकर लगी थी कि कोचिंग सेंटर के अंदर ही कई छात्र फंस गए। अपनी जान बचाने के लिए छात्र बिल्डिंग से कूदने लगे। सोशल मीडिया पर आग लगने की वीडियो वायरल हो रही है। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां पहुंच गई। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है। फायर विभाग के एक अधिकारी ने के अनुसार 10-12 लोग अंदर फंसे हुए हैं। आग इतनी भीषण है कि बिल्डिंग के अंदर जाना बेहद मुश्किल है।
चश्मदीद ने बताई पूरी घटना
एक चश्मदीद गवाह ने बताया की यहां एक लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स का संस्थान है, और जब हम यहां पहुंचे, तो हमने इमारत से धुआं निकलते देखा। करीब 5-6 लोगों को बचाया। आग लगने के बाद, एक व्यक्ति इमारत से कूद गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि अभी भी कुछ लोग अंदर फंसे हुए हैं।
सीएम योगी ने दिए जांच के निर्देश
सीएम योगी ने लखनऊ के कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना का संज्ञान लिया। साथ ही अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा सीएम ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को उपचार उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। सीएम योगी ने घायलों के स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।
Written By: Geeta Sharma