टीवी और फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी अभिनेत्री संचिता उगले ने दुनिया को अलविदा कह दिया है, बता दें एक्ट्रेस ने 14 जून को मुंबई में सुसाइड कर लिया है, उनके निधन की खबर ने फैंस और मनोरंजन जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है। संचिता ने अपने करियर में कई लोकप्रिय धारावाहिकों में काम किया था, जिनमें साजन घर, कुमकुम भाग्य, वागले की दुनिया और दिलवाली दुल्हा ले जाएगी जैसे शो शामिल हैं। खास तौर पर कुमकुम भाग्य में निभाया गया दीया टंडन का किरदार दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था।

छावा में दिखी थी संचिता

टीवी के अलावा संचिता ने फिल्मों में भी अपनी पहचान बनाई। हाल ही में वह विक्की कौशल की फिल्म छावा में ताराबाई की भूमिका में दिखाई दी थीं। उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों दोनों ने सराहा था।

मरने से पहले पोस्ट किया था रील

सबसे अधिक चर्चा उनके आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट की हो रही है। निधन से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक रील साझा की थी, जिसमें वह बेहद खुश और उत्साहित नजर आ रही थीं। वीडियो में उनकी मुस्कान और ऊर्जा देखकर किसी को भी अंदाजा नहीं हो सकता था कि वह किसी मुश्किल दौर से गुजर रही होंगी। उस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “मैं नाचूं तू नाचा।” उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर लगभग 1.39 लाख फॉलोअर्स थे। उनकी प्रोफाइल को देखकर साफ महसूस होता है कि वह जीवन को खुलकर जीने और सकारात्मक रहने वाली शख्सियत थीं।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल उनके निधन से जुड़े कारणों की जांच की जा रही है। परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के लिए यह क्षति बेहद दुखद है। सोशल मीडिया पर कई कलाकारों और फैंस ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।

 

Written By Toshi Shah