उत्तर भारत के कई हिस्सों में सोमवार को मौसम का स्वरूप मिला-जुला रहने का अनुमान है। राजधानी दिल्ली-एनसीआर में दिन के समय हल्की गर्माहट महसूस हो सकती है, जबकि सुबह और रात के समय वातावरण सुहावना रहेगा। आसमान साफ रहेगा और हल्की धूप खिली रहेगी, लेकिन तेज हवाओं के चलते तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। कहीं-कहीं हल्की बारिश के आसार भी बन रहे हैं।
उत्तर प्रदेश, बिहार और पंजाब का हाल
उत्तर प्रदेश और बिहार में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रह सकता है। दोपहर के समय गर्मी बढ़ेगी, हालांकि कुछ क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं। पूर्वी यूपी और बिहार के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चलने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। पंजाब और हरियाणा में मौसम ज्यादातर साफ रहेगा, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से कहीं-कहीं हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं। यहां तापमान सामान्य से ऊपर रहने की संभावना है।
हिमाचल और उत्तराखंड में बदलाव
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में मौसम करवट ले सकता है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है, जिससे ठंड बनी रह सकती है। निचले इलाकों में बादल छाए रहने के साथ तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ेगी, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीच-बीच में मौसम बदलता रहेगा।
बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट
23 से 26 मार्च के बीच राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में तेज बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवाएं 40 किमी प्रति घंटे या उससे अधिक की रफ्तार से चल सकती हैं। वहीं, 26 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है।
Written By Toshi Shah