अगर आप फिल्मों के शौकीन हैं, तो जून 2026 आपके लिए बेहद खास रहने वाला है। इस समय सिनेमाघरों में कई बड़ी फिल्में दर्शकों का मनोरंजन कर रही हैं और आने वाले हफ्तों में भी कई चर्चित फिल्में रिलीज होने वाली हैं। बड़े सितारों से सजी इन फिल्मों के कारण बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त मुकाबला देखने को मिल सकता है।

12 जून को कई बड़ी रिलीज

गवर्नर

12 जून को अभिनेता मनोज बाजपेयी अपनी नई फिल्म 'गवर्नर' दर्शकों के बीच पहुंचेंगे। इस फिल्म का निर्देशन चिन्मय डी.मंडलेकर ने किया है, जबकि इसके निर्माता अमृतलाल शाह हैं।

भारत भाग्य विधाता

इसी दिन कंगना रनौत भी अपनी फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' लेकर आ रही हैं। यह फिल्म मुंबई में हुए 26/11 आतंकी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में कंगना एक नर्स की भूमिका निभाती नजर आएंगी और इसके जरिए वह बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं।

मैं वापस आऊंगा

12 जून को ही दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा' भी रिलीज होगी। भारत के विभाजन पर आधारित इस फिल्म का निर्देशन इम्तियाज अली ने किया है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्सुकता बनी हुई है।

19 जून को आएगी शाहिद कपूर की फिल्म

12 जून की रिलीज के बाद अगले सप्ताह, 19 जून को शाहिद कपूर 'कॉकटेल 2' सिनेमाघरों में दस्तक देंगे। यह 2012 में रिलीज हुई लोकप्रिय फिल्म कॉकटेल का सीक्वल है। प्रेम कहानी और रिश्तों के उतार-चढ़ाव पर आधारित इस फिल्म में शाहिद के साथ कृति सेनन और रश्मिका मंदाना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।

महीने के अंत में अक्षय कुमार की एंट्री

जून के आखिरी सप्ताह में अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' रिलीज होगी। यह फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में पहुंचेगी। फिल्म में अक्षय कुमार के अलावा रवीना टंडन, सुनील शेट्टी, परेश रावल, जॉनी लीवर, तुषार कपूर, दिशा पाटनी, संजय दत्त, अरशद वारसी और राजपाल यादव समेत कई कलाकार नजर आएंगे।

हॉलीवुड फिल्मों का भी रहेगा दबदबा

बॉलीवुड फिल्मों के साथ-साथ जून में कई चर्चित हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स भी रिलीज होने वाले हैं। इनमें 'ही-मैन एंड द मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स', 'डिस्क्लोजर डे', 'टॉय स्टोरी 5' और 'सुपरगर्ल' जैसी फिल्में शामिल हैं।

Written By Toshi Shah