साउथ सिनेमा के सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जन नायकन’ अब आखिरकार रिलीज के लिए तैयार है। यह फिल्म 22 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज से ठीक पहले फिल्म को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है, जिसने फैंस के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के टाइटल कार्ड में विजय को ‘तमिलनाडु के माननीय मुख्यमंत्री’ के रूप में पेश किया जाएगा और उनकी राजनीतिक पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) का भी उल्लेख किया गया है।
सेंसर देरी के बाद बदली रिलीज रणनीति
‘जन नायकन’ पहले 9 जनवरी 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से सर्टिफिकेट मिलने में देरी के कारण इसकी रिलीज टल गई। सेंसर बोर्ड ने कुछ दृश्यों और संवादों पर आपत्ति जताई थी और बदलाव के निर्देश दिए थे। मेकर्स ने आवश्यक संशोधन पूरे करने के बाद फिल्म को दोबारा तैयार किया।
विजय के राजनीतिक सफर का असर
फिल्म की रिलीज में हुई देरी के दौरान तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। विजय ने 2026 विधानसभा चुनाव अपनी पार्टी TVK के साथ लड़ा और उनकी पार्टी राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। इसके बाद विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसी नए राजनीतिक परिदृश्य को ध्यान में रखते हुए फिल्म के शुरुआती हिस्से में बदलाव किए गए हैं।
प्रोमोशनल ट्रैक में दिखेगा नया राजनीतिक अंदाज
फिल्म के प्रोमोशनल ट्रैक ‘रावण मावंडा’ में विजय का चर्चित हैंड-स्लैशिंग जेस्चर भी शामिल किया गया है। माना जा रहा है कि यह इशारा विधानसभा में उनके राजनीतिक अंदाज से प्रेरित है। मेकर्स ने विजय की वास्तविक सार्वजनिक छवि को फिल्म की प्रस्तुति से जोड़ने की कोशिश की है।
CBFC ने किन बदलावों के निर्देश दिए?
सेंसर बोर्ड ने फिल्म में लगभग 10 सेकंड के एक दृश्य में बदलाव, कुछ धार्मिक संदर्भों वाले संवादों को म्यूट करने और करीब 20 सेकंड के फुटेज को हटाने का निर्देश दिया था। इन सभी संशोधनों के बाद फिल्म को रिलीज के लिए मंजूरी मिल गई।
स्टार कास्ट और निर्देशन
‘जन नायकन’ में थलापति विजय के साथ बॉबी देओल और पूजा हेगड़े भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन एच. विनोद ने किया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े राजनीतिक और सिनेमाई बदलावों के साथ रिलीज हो रही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है।
Written By: Archana Gupta