इरफान खान (Irrfan Khan) और विद्या बालन (Vidya Balan) की पुरानी अनरिलीज्ड फिल्म ‘द लास्ट टेनेंट’ (The Last Tenant) अब लगभग 25 साल बाद आखिरकार रिलीज हो गई है। इसे इरफान खान की छठी डेथ एनिवर्सरी के अवसर पर यूट्यूब पर जारी किया गया है। यह फिल्म करीब ढाई दशक पहले शूट की गई थी और इसमें दोनों कलाकारों के शुरुआती करियर की झलक देखने को मिलती है। इसे सार्थक दासगुप्ता ने लिखा और निर्देशित किया है, जबकि प्रोडक्शन उन्होंने नीना दासगुप्ता के साथ मिलकर किया था।

अब कहां देख सकते हैं फिल्म?

यह फिल्म अब फ्री में यूट्यूब पर उपलब्ध है और इसे The Salt Inc  चैनल पर देखा जा सकता है। 29 अप्रैल को इसे आधिकारिक तौर पर रिलीज किया गया। माना जाता है कि यह विद्या बालन के शुरुआती प्रोजेक्ट्स में से एक है और संभव है कि यह उनकी पहली फिल्म भी रही हो। खास बात यह है कि यह इरफान खान और विद्या बालन की एकमात्र फिल्म है जिसमें दोनों ने साथ काम किया था।

इतने साल क्यों नहीं रिलीज हो पाई?

यह फिल्म लंबे समय तक इसलिए अटकी रही क्योंकि इसका मूल फुटेज खो गया था। बाद में निर्देशक को इसकी एक VHS कॉपी मिली, जिसके आधार पर फिल्म को दोबारा तैयार किया गया और अब जाकर रिलीज किया गया। यह सार्थक दासगुप्ता की पहली निर्देशित फिल्म भी थी, जिन्होंने बाद में ‘द म्यूजिक टीचर’, ‘200 हल्ला हो’ और वेब सीरीज ‘धारावी बैंक’ जैसी प्रोजेक्ट्स बनाए।

कहानी क्या है?

फिल्म की कहानी एक ऐसे परेशान संगीतकार के इर्द-गिर्द घूमती है जो देश छोड़ने से पहले एक खाली घर में रहने आता है। वहां उसकी जिंदगी में यादें, संगीत और भावनाएं धीरे-धीरे गहराती जाती हैं, और हालात उसके नियंत्रण से बाहर होने लगते हैं। इस फिल्म में अनु खंडेलवाल, सौरभ अग्रवाल, सब्यसाची, सतीश कालरा और आनंद मिश्रा जैसे कलाकार भी नजर आते हैं। भले ही तकनीकी रूप से फिल्म पूरी तरह परफेक्ट न हो, लेकिन इसमें इरफान खान और विद्या बालन की शुरुआती अदाकारी की एक मजबूत झलक जरूर देखने को मिलती है।

Written By Toshi Shah