आईपीएल 2026 में अब तक 13 मैच खेले जा चुके हैं और टूर्नामेंट धीरे-धीरे अपनी रफ्तार के साथ रोमांचक होता जा रहा है। टी20 क्रिकेट के इस सबसे बड़ी व सबसे महंगी लीग में अब बारी है 14वें मुकाबले की, जहां दो महारथी टीमें आमने-सामने होंगी। बता दें कि आईपीएल 2026 के इस सीजन में आज दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है। दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन की अपनी दोनों शुरुआती भिड़ंतों में जीत हासिल की है, जबकि गुजरात टाइटंस अपने दोनों शुरुआती मैच हार चुकी है। ऐसे में गुजरात टाइटंस आज का मैच जीतकर अंक तालिका में वापसी करना चाहेगी। दूसरी तरफ, दिल्ली कैपिटल्स की नजरें लगातार जीत के साथ शीर्ष स्थान पर कब्जा करने पर होंगी।
आमने-सामने के आंकड़े
अब तक इन दोनों टीमों ने आईपीएल में 7 बार आमने-सामने खेला है। इनमें से दिल्ली ने 3 मैचों में जीत हासिल की, जबकि गुजरात टाइटंस ने 4 मुकाबलों में दिल्ली को हराया। बता दें कि आज का मैच अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम, दिल्ली में खेला जाएगा। इस मैदान की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल मानी जाती है। छोटी बाउंड्री और तेज़ आउटफील्ड के कारण हाई-स्कोरिंग मैच की उम्मीद जताई जा रही है।
किन-किन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
दिल्ली कैपिटल्स में कप्तान अक्षर पटेल के अलावा केएल राहुल, ट्रिस्टन स्टब्स, कुलदीप यादव, डेविड मिलर और काइल जेमीसन जैसे खिलाड़ी अहम भूमिका निभाएंगे। ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से मैच की दिशा बदल सकते हैं। वहीं, गुजरात टाइटंस में सबसे बड़ी उम्मीदें कप्तान शुभमन गिल पर होंगी। इसके अलावा साई सुदर्शन, प्रसिद्ध कृष्णा और साई किशोर पर भी सबकी नजरें टिकी रहेंगी।
Written By Toshi Shah