Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में एक पेट्रोल पंप पर गाड़ियों में पेट्रोल की जगह पानी भरे जाने का मामला सामने आया है। जिस कारण करीब 20 वाहन खराब हो गए, जिसे लेकर ग्राहकों ने जमकर हंगामा काटा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना बीटा 2 थाना क्षेत्र के सेक्टर पाई वन स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर 4 अप्रैल शनिवार की है। जहां कई लोग अपनी गाड़ियों और मोटरसाइकिलों में पेट्रोल भरवाकर वहां से निकले, लेकिन कुछ ही दूरी पर जाकर उनके वाहन अचानक बंद पड़ गए। वाहन खराब होने के बाद ग्राहक वापस पेट्रोल पंप पर लौटे और कर्मचारियों व मैनेजर से शिकायत की। हालांकि जांच करने पर पता चला कि पेट्रोल पंप के टैंक में लीकेज के कारण पानी चला गया था। जिसके बाद ग्राहकों ने पेट्रोल पंप पर हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और मामले की जांच शुरू की।

पेट्रोल की जगह पानी भरने से गाड़ियां खराब

पेट्रोल की जगह पानी भरे जाने से कई गाड़ियां खराब हो गईं। कई वाहनों को तो मौके पर ही मैकेनिक बुलाकर ठीक कराना पड़ा। वहीं ग्राहकों ने मुआवजे की मांग की, जिस पर पेट्रोल पंप के मैनेजर ने सहमति जताई। कई खराब वाहनों को पेट्रोल पंप पर ही ठीक किया गया।

12000 लीटर पेट्रोल हुए बर्बाद

बताया जा रहा कि ट्रक की टक्कर की वजह से एक पाइप टूट गई थी, उसी के रास्ते बारिश का पानी टैंक में चला गया और वह पेट्रोल में मिल गया था। हालांकि उन सभी वाहन चालकों को हरजाना दे दिया गया है, अब टैंक को खाली कराया जा रहा है। करीब 12000 लीटर पेट्रोल खराब हुआ है।

 Writen By: Geeta Sharma