भारतीय इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में जल्द ही एक ऐसी गाड़ी देखने को मिल सकती है, जिसका डिजाइन मौजूदा मॉडल्स से काफी अलग है। Chery Automobile की इलेक्ट्रिक सब-ब्रांड iCAUR की V23 SUV को भारतीय बाजार में लाने की तैयारी चल रही है। इस इलेक्ट्रिक SUV के टेस्टिंग मॉडल पहले ही भारतीय सड़कों पर देखे जा चुके हैं और अब इसके भारत में पेटेंट कराए जाने की जानकारी भी सामने आई है। माना जा रहा है कि भारत में iCAUR V23 को JSW Motors के जरिए पेश किया जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी लॉन्चिंग इस साल दिवाली के आसपास हो सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक भारत में लॉन्च की तारीख, कीमत या भारतीय संस्करण के स्पेसिफिकेशन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

JSW Motors के जरिए होगी एंट्री

iCAUR, चीन की Chery Automobile की इलेक्ट्रिक वाहन ब्रांड है। Chery और JSW Motors के बीच भारत में कई ग्लोबल मॉडल्स लाने के लिए साझेदारी है। इसी के तहत V23 को भी भारतीय बाजार में उतारे जाने की संभावना है। खास बात यह है कि भारत में इस SUV की बिक्री JSW ब्रांड के तहत होने की उम्मीद जताई जा रही है। टेस्टिंग के दौरान Chery समूह से जुड़े कुछ अन्य मॉडल भी भारत में नजर आए हैं। इनमें Jetour T2 और Jaecoo J5 EV जैसे वाहन शामिल हैं। इससे संकेत मिलते हैं कि JSW Motors आने वाले समय में अपने पोर्टफोलियो में कई अंतरराष्ट्रीय मॉडल जोड़ सकती है।

बॉक्सी लुक बनेगा सबसे बड़ा आकर्षण

iCAUR V23 की पहचान इसका चौकोर और रगेड डिजाइन है। करीब 4.2 मीटर लंबी इस SUV में ऊंचा बॉडी स्टांस, सीधी डिजाइन लैंग्वेज और चौड़े अनुपात देखने को मिलते हैं। ऑल-LED लाइटिंग के साथ इसका एक्सटीरियर पारंपरिक इलेक्ट्रिक SUVs की तुलना में ज्यादा मजबूत और ऑफ-रोडिंग से प्रेरित दिखाई देता है। डिजाइन के मामले में इस मॉडल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। iCAUR V23 को 2026 Red Dot Design Award से सम्मानित किया जा चुका है, जो इसके डिजाइन की खासियत को दर्शाता है।

फीचर्स से लैस होगा केबिन

इंटीरियर में भी कंपनी ने आधुनिक तकनीक और प्रीमियम फील पर ध्यान दिया है। इंटरनेशनल मॉडल में 15.4 इंच का QHD टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। इसके अलावा कॉलम-माउंटेड ड्राइव सेलेक्टर और फॉक्स-लेदर फिनिश वाला स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। सीटों पर भी फॉक्स-लेदर अपहोल्स्ट्री का इस्तेमाल किया गया है, जबकि फ्रंट सीटों में पावर एडजस्टमेंट की सुविधा मिलती है। सन वाइजर में लाइट के साथ वैनिटी मिरर, केबिन में ग्रैब हैंडल और कप होल्डर्स जैसे छोटे लेकिन उपयोगी फीचर्स भी शामिल हैं।

दो इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के विकल्प

अंतरराष्ट्रीय बाजार में iCAUR V23 को दो अलग-अलग पावरट्रेन विकल्पों के साथ पेश किया जाता है। इसका बेस वेरिएंट सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर के साथ 134 bhp की अधिकतम पावर और 180 Nm टॉर्क जनरेट करता है। इसमें 59.93 kWh की LFP बैटरी और 2WD ड्राइव सिस्टम मिलता है। दूसरा विकल्प ज्यादा दमदार है। इसमें डुअल-मोटर AWD सेटअप मिलता है, जो लगभग 208 bhp की पावर और 292 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इस वर्जन में 81.76 kWh की NMC बैटरी का इस्तेमाल किया गया है। AWD मॉडल की अंतरराष्ट्रीय स्पेसिफिकेशन के आधार पर दावा की गई रेंज करीब 430 किलोमीटर है। हालांकि भारत में आने वाले मॉडल के स्पेसिफिकेशन अलग हो सकते हैं। स्थानीय जरूरतों और कीमत को ध्यान में रखते हुए बैटरी क्षमता, मोटर आउटपुट और रेंज में बदलाव किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

दिवाली के आसपास हो सकती है लॉन्चिंग

JSW Motors की Chery समूह के कई वाहनों को भारत में पेश करने की योजना के बीच iCAUR V23 भी महत्वपूर्ण मॉडल हो सकती है। रिपोर्ट्स में इसे Jetour T2 के आसपास लॉन्च किए जाने की संभावना जताई गई है, जबकि दिवाली का समय इसकी संभावित लॉन्च विंडो बताया जा रहा है। फिलहाल इसकी कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है। Autocar India की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में इस SUV की कीमत 20 लाख रुपये से कम रखने पर विचार किया जा सकता है। अगर ऐसा होता है, तो यह इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में काफी दिलचस्प विकल्प बन सकती है।

 

ये भी पढ़ें- MG की नई इलेक्ट्रिक SUV तैयार, Hector Tomahawk से बदलेगा बाजार का खेल

 

 Written By Toshi Shah