आज शाम दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में आईपीएल IPL का रोमांच देखने को मिलेगा, जहाँ Capitals vs Gujarat Titans दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स की टीमें आमने-सामने होंगी। लेकिन इस मैच का असर सिर्फ स्टेडियम के अंदर ही नहीं, बल्कि दिल्ली की सड़कों पर भी दिखेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने दोपहर 12 बजे से लेकर रात 12 बजे तक के लिए एक सख्त एडवाइजरी जारी की है। अगर आप आज ऑफिस से घर लौट रहे हैं या किसी काम से सेंट्रल दिल्ली की ओर जा रहे हैं, तो इन बदलावों को जानना आपके लिए बहुत जरूरी है।

दिल्ली में बंद रहेंगे रास्ते
सबसे पहले उन रास्तों की बात करते हैं जहाँ आज भारी जाम मिल सकता है या जो रास्ते पूरी तरह बंद रहेंगे। बहादुरशाह जफर मार्ग, जेएलएन मार्ग और आसफ अली रोड जैसे प्रमुख इलाकों में दोपहर से ही ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा। दरियागंज से लेकर आईटीओ और दिल्ली गेट के आसपास कमर्शियल गाड़ियों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। ट्रैफिक पुलिस के डीसीपी निशांत गुप्ता ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की प्लानिंग पहले से कर लें और इन रास्तों पर आने के बजाय वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

पार्किंग की समस्या
अगर आप खुद मैच देखने स्टेडियम जा रहे हैं, तो एक बात गांठ बांध लें—आम जनता के लिए स्टेडियम के पास कोई पार्किंग नहीं है। वहां सिर्फ उन्हीं गाड़ियों को जगह मिलेगी जिनके पास पहले से पार्किंग लेबल है। अगर आपने गलती से भी सड़क किनारे या रिंग रोड पर गाड़ी खड़ी की, तो पुलिस उसे तुरंत टो (Tow) कर लेगी। हालांकि, दर्शकों की सहूलियत के लिए 'पार्क एंड राइड' की सुविधा दी गई है। आप अपनी गाड़ी माता सुंदरी रोड, राजघाट या शांति वन पार्किंग में खड़ी करके वहां से चलने वाली स्पेशल बसों के जरिए स्टेडियम तक पहुँच सकते हैं।

एंट्री गेट का नियम
कैब और टैक्सी चलाने वालों के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली गेट, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज और राजघाट चौक के पास कुछ चुनिंदा पॉइंट्स बनाए गए हैं जहाँ से सवारियों को पिकअप या ड्रॉप किया जा सकेगा। स्टेडियम में एंट्री के लिए भी आपके टिकट पर लिखे गेट नंबर के हिसाब से अलग-अलग रास्ते तय हैं। जैसे गेट नंबर 1 से 8 के लिए बहादुरशाह जफर मार्ग की तरफ से जाना होगा, तो वहीं गेट 10 से 15 के लिए जेएलएन मार्ग का इस्तेमाल करना होगा। सही गेट से जाने पर आपको भीड़ में फंसना नहीं पड़ेगा।

देर रात तक मेट्रो और आवाजाही के इंतजाम
आईपीएल मैच को देखते हुए दिल्ली मेट्रो (DMRC) ने दर्शकों के लिए सफर को काफी आसान बना दिया है। मैच खत्म होने के बाद घर लौटने वाली भीड़ को संभालने के लिए मेट्रो की समयसीमा में 1 से 2 घंटे तक का विस्तार किया गया है। आज के दिन मेट्रो कुल 76 अतिरिक्त ट्रिप्स चलाएगी, ताकि स्टेशनों पर ज्यादा भीड़ जमा न हो। खासकर पिंक लाइन पर यात्रियों को रात 2:20 बजे तक मेट्रो मिल सकेगी। प्रशासन ने आम जनता से भी यही अपील की है कि जाम और पार्किंग की परेशानी से बचने के लिए वे सार्वजनिक परिवहन का ही ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।

Written by: Anushka sagar