दिल्ली के भारत मंडपम में शनिवार को फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' का भव्य लॉन्च इवेंट 'प्रथम संकल्प' आयोजित किया गया। इस मौके पर फिल्म से जुड़े लगभग सभी प्रमुख कलाकार और निर्माता मौजूद रहे। कार्यक्रम में बाबा रामदेव और कुमार विश्वास जैसी कई जानी-मानी हस्तियों ने भी शिरकत की। हालांकि फिल्म का ट्रेलर अभी जारी नहीं किया गया है। निर्माताओं ने घोषणा की कि ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज होगा।

इवेंट के दौरान रणबीर कपूर भी रहे मौजूदगी

इवेंट के दौरान रणबीर कपूर की मौजूदगी सबसे ज्यादा चर्चा में रही। वे ब्लैक बंदगला सूट और धनुष की आकृति वाले ब्रोच में नजर आए। उन्होंने पूरे कार्यक्रम के दौरान काला चश्मा पहना रखा, जिसे लेकर उन्होंने खुद सफाई दी। रणबीर ने कहा कि उनकी आंखों में संक्रमण है, इसलिए उन्हें चश्मा पहनना पड़ा। उन्होंने दर्शकों से इसके लिए क्षमा भी मांगी और कहा कि इस शुभ अवसर पर उनके मन में सभी के लिए केवल प्रेम और सम्मान है।

रावण की भूमिका निभा रहे यश ने कार्यक्रम में सरप्राइज एंट्री

फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे यश ने कार्यक्रम में सरप्राइज एंट्री कर माहौल को और खास बना दिया, उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि पूरे भारत का सपना है। उनके अनुसार, पूरी टीम का उद्देश्य रामायण की कहानी को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाना है, उन्होंने कहा कि सभी कलाकार और तकनीकी सदस्य अपने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर इस कथा को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम कर रहे हैं।

इस फिल्म का हिस्सा बनना किसी आशीर्वाद से कम नहीं- रवि दुबे

लक्ष्मण का किरदार निभा रहे रवि दुबे मंच पर अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए भावुक हो गए, उन्होंने कहा कि इतने बड़े कलाकारों के बीच इस फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए किसी आशीर्वाद से कम नहीं है, उन्होंने इसका श्रेय अपने माता-पिता और पूर्वजों के अच्छे संस्कारों को दिया। रवि ने यह भी कहा कि वे रणबीर कपूर और साई पल्लवी को वास्तविक जीवन में भी राम और सीता के समान सम्मान देते हैं और इस अवसर के लिए जीवनभर आभारी रहेंगे।

अगले साल दिवाली पर रिलीज होगा फिल्म

फिल्म 'रामायण' को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। पहला भाग इस वर्ष दिवाली के अवसर पर सिनेमाघरों में आएगा, जबकि दूसरा भाग अगले वर्ष दिवाली पर रिलीज होगा। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह और अरुण गोविल भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

 

Written By Toshi Shah