एयर इंडिया अपने केबिन क्रू के लिए नई हेल्थ और फिटनेस पॉलिसी लागू करने की तैयारी में है। जिसका असर न सिर्फ उनकी ड्यूटी रोस्टर पर बल्कि सैलरी पर भी पड़ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह नई पॉलिसी 1 मई से लागू की जा सकती है और इसका मुख्य उद्देश्य क्रू मेंबर्स के बीच फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को बढ़ावा देना है।

केबिन क्रू के फिटनेस का BMI के आधार पर

नई गाइडलाइंस के तहत केबिन क्रू की फिटनेस का आकलन बॉडी मास इंडेक्स (BMI) के आधार पर किया जाएगा। पॉलिसी में 18 से 24.9 के बीच के BMI को सामान्य और आदर्श श्रेणी में रखा गया है। वहीं, 18 से कम BMI वाले क्रू मेंबर्स को अंडरवेट माना जाएगा। हालांकि ऐसे कर्मचारी मेडिकल जांच और फंक्शनल फिटनेस असेसमेंट पास करने पर काम जारी रख सकते हैं।

फंक्शनल फिटनेस टेस्ट पास करना अनिवार्य

दूसरी ओर, जिन कर्मचारियों का BMI 25 से 29.9 के बीच होगा, उन्हें ओवरवेट श्रेणी में रखा जाएगा। इस श्रेणी के केबिन क्रू को भी ड्यूटी करने की अनुमति मिल सकती है, लेकिन इसके लिए उन्हें फंक्शनल फिटनेस टेस्ट पास करना अनिवार्य होगा।

मोटापा से कटेगी सैलरी

सबसे सख्त नियम उन कर्मचारियों के लिए हैं जिनका BMI 30 या उससे अधिक है। इस श्रेणी को मोटापा माना गया है और ऐसे क्रू मेंबर्स को तत्काल प्रभाव से ड्यूटी रोस्टर से हटाया जा सकता है। इतना ही नहीं, उनकी सैलरी भी रोक दी जाएगी जब तक वे निर्धारित फिटनेस मानकों को पूरा नहीं कर लेते।

टेस्ट में असफल होने पर नहीं मिलेगा वेतन

नई पॉलिसी के अनुसार, जिन कर्मचारियों का वजन तय सीमा से कम या ज्यादा पाया जाएगा, उन्हें अस्थायी रूप से रोस्टर से बाहर कर दिया जाएगा और फंक्शनल फिटनेस असेसमेंट के लिए भेजा जाएगा। यदि वे इस टेस्ट में असफल होते हैं, तो उन्हें बिना वेतन के रखा जा सकता है जब तक वे आवश्यक मानकों को हासिल नहीं कर लेते।

ट्रेनिंग ले रहे कर्मचारियों पर भी लागू होगा फिटनेस नियम

एयरलाइन द्वारा स्टाफ को भेजे गए संदेश में कहा गया है कि इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों के बीच हेल्दी लाइफस्टाइल के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही, यह मौजूदा पॉलिसी एक तरह से आगामी सख्त फिटनेस मानकों के लिए तैयारी का चरण है। यह नई पॉलिसी न केवल वर्तमान केबिन क्रू बल्कि ट्रेनिंग ले रहे कर्मचारियों पर भी लागू होगी, जिससे एयरलाइन अपने सेवा स्तर और सुरक्षा मानकों को और मजबूत करना चाहती है।

 Writen By: Geeta Sharma