Bharat Tiwari Encounter Update: बिहार के भोजपुर जिले में हुए भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले ने अब एक नया और महत्वपूर्ण मोड़ ले लिया है। 17 जून 2026 को भोजपुर के बिलौती गांव में हुई इस घटना को लेकर पहले से ही विवाद जारी था, लेकिन अब पूर्व एनएसजी कमांडो और पूर्व RAW एजेंट लक्की बिष्ट के समर्थन में आने से मामला राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
भरत तिवारी के परिवार से मुलाकात करेंगे लक्की बिष्ट
लक्की बिष्ट ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में घोषणा की है कि वह बिहार जाकर भरत तिवारी के परिवार, विशेष रूप से उनकी मां से मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बनना नहीं है, बल्कि एक पीड़ित परिवार की बात सुनना और न्याय की मांग का समर्थन करना है। उन्होंने कहा कि यदि किसी नागरिक के साथ अन्याय हुआ है तो उसकी आवाज को सुना जाना चाहिए और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 17 जून को भोजपुर जिले के बिलौती गांव में पुलिस कार्रवाई के दौरान भरत भूषण तिवारी की मौत हो गई थी। पुलिस का दावा है कि भरत हथियारबंद था और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह मारा गया। दूसरी ओर, मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि भरत ने पहले ही आत्मसमर्पण कर दिया था, इसके बावजूद उसे गोली मारी गई। परिवार इस घटना को फर्जी एनकाउंटर बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में 4 पुलिसकर्मी निलंबित
मामले ने तूल पकड़ने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए शाहपुर थाना के तत्कालीन एसएचओ सहित 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच के आदेश भी दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पुलिस की कार्रवाई आत्मरक्षा में की गई थी या फिर परिजनों के आरोपों में सच्चाई है।
वीडियो जारी कर लक्की बिष्ट ने युवाओं को दिया संदेश
अपने वीडियो संदेश में लक्की बिष्ट ने युवाओं को भी महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की अपील की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि किसी भी परिस्थिति में हथियार नहीं उठाने चाहिए। उनके अनुसार हिंसा किसी भी न्यायपूर्ण लड़ाई को कमजोर कर देती है और इससे असली मुद्दा पीछे छूट जाता है।
Written By: Geeta Sharma