Highest Egg Consuming Country: अंडे प्रोटीन का सस्ता और सेहतमंद स्रोत माने जाते हैं। नाश्ते से लेकर जिम डाइट तक लोग इसे खूब पसंद करते हैं। यही वजह है कि अंडे कई तरह से खाने में शामिल किए जाते हैं। दुनिया के लगभग हर देश में अंडों की खपत होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सबसे ज्यादा अंडे किस देश के लोग खाते हैं? आइए जानते हैं इस लिस्ट में भारत किस स्थान पर है।

सबसे ज्यादा अंडे खाने वाले देश कौन से हैं?

रैबोबैंक की ग्लोबल एग इंडस्ट्री आउटलुक 2025 रिपोर्ट के अनुसार, अंडों की खपत में मैक्सिको और जापान सबसे आगे हैं। यहां एक व्यक्ति साल में 300 से ज्यादा अंडे खा लेता है। वजन के हिसाब से यह करीब 20 से 24 किलो प्रति व्यक्ति सालाना है। रिपोर्ट में बताया गया है कि दुनियाभर में अंडों की खपत अलग-अलग है। अफ्रीका के कुछ देशों में यह संख्या सालाना सिर्फ 50 अंडों के आसपास है, जबकि कई विकसित देशों में 300 से ज्यादा है।

भारत में कितने अंडे खाए जाते हैं?

भारत में अंडों की खपत अभी कई बड़े देशों से कम है, लेकिन हर साल बढ़ रही है। 2024-25 के आंकड़ों के अनुसार, भारत में एक व्यक्ति सालाना करीब 106 अंडे खाता है। पहले यह आंकड़ा 101 से 103 अंडों के बीच था। हालांकि अमेरिका, जापान और मैक्सिको जैसे देशों के मुकाबले भारत अभी पीछे है। भारत के अलग-अलग राज्यों में भी बड़ा फर्क है। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में लोग साल में 500 से ज्यादा अंडे खाते हैं, जबकि उत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में खपत कम है।

दूसरे देशों में क्या है स्थिति?

अमेरिका और यूरोप के देशों में भी अंडों की मांग काफी ज्यादा है। रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में लोग सालाना औसतन 250 से 280 अंडे खाते हैं। रूस और ब्राजील जैसे देशों में भी अंडों की खपत काफी अधिक है। इन देशों में अंडे को प्रोटीन का अच्छा और आसान स्रोत माना जाता है।

Written By - Namita Verma