एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में तेल कंपनियों ने आज से भारी बढ़ोतरी कर दी है। कई शहरों में इसकी कीमतें 1 मार्च 2026 के मुकाबले लगभग दोगुनी हो गई हैं। इससे एयरलाइंस की लागत बढ़ेगी और आने वाले समय में हवाई टिकट महंगे होने की संभावना भी बढ़ गई है। वहीं देश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी उछाल देखा गया है।
एक महीने में हुआ दोगुनी कीमत
राजधानी दिल्ली की बात करें तो 1 मार्च 2026 को ATF की कीमत ₹96,638 प्रति किलोलीटर थी, जो अब बढ़कर ₹2,07,341 हो गई है। कोलकाता में यह दर ₹91,942 से बढ़कर ₹2,05,953 प्रति किलोलीटर पहुंच गई है। वहीं, मुंबई में कीमत ₹90,222 से बढ़कर ₹1,94,968 हो गई है, जबकि चेन्नई में सबसे ज्यादा उछाल देखने को मिला है—यहां दर ₹92,382 से बढ़कर ₹2,14,597 प्रति किलोलीटर हो गई है। महज एक महीने में इतनी बड़ी वृद्धि विमानन उद्योग के लिए गंभीर आर्थिक दबाव का संकेत है।
1 अप्रैल 2026 से बड़े शहरों में ATF (एविएशन टर्बाइन फ्यूल) की कीमतें बढ़ गई हैं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) April 1, 2026
दिल्ली: Rs 207,341.22/Kl
कोलकाता: Rs 205,953.33/Kl
मुंबई: Rs 194,968.67/Kl
चेन्नई: Rs 214,597.66/Kl pic.twitter.com/YGEV4GlxkP
हवाई किराए पर असर संभव
बता दें कि ATF की कीमतों में बढ़ोतरी से एयरलाइंस की परिचालन लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे फ्लाइट टिकट महंगे हो सकते हैं। यह बढ़ोतरी अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और रुपये के मुकाबले डॉलर की मजबूती के कारण हुई है, साथ ही, अमेरिका-ईरान तनाव के चलते वैश्विक तेल बाजार में उछाल देखा गया है।
एलपीजी सिलेंडर भी हुआ महंगा
सरकार ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी भारी बढ़ोतरी की है, जो आज से लागू हो गई है। इसमें करीब ₹218 तक का इजाफा किया गया है। अब दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर ₹2,078.50 का हो गया है, जो पहले ₹1,884.50 था। कोलकाता में इसकी कीमत ₹2,208, मुंबई में ₹2,031 और चेन्नई में ₹2,246.50 हो गई है। पटना में यह ₹2,365 और जयपुर में ₹2,031 का हो गया है। हालांकि, घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इस तरह ईंधन की बढ़ती कीमतें आम लोगों से लेकर उद्योगों तक पर व्यापक असर डाल सकती हैं।
Written By Toshi Shah