Brain Tumor Symptoms: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव, थकान और सिरदर्द जैसी समस्याएं आम हो गई हैं। अधिकांश लोग इन्हें सामान्य मानकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि कुछ मामलों में लगातार सिरदर्द, चक्कर आना या याददाश्त कमजोर होना जैसी समस्याएं ब्रेन ट्यूमर जैसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकती हैं। समस्या यह है कि इसके शुरुआती लक्षण अक्सर इतने सामान्य होते हैं कि लोग इन्हें माइग्रेन, तनाव या कमजोरी समझकर अनदेखा कर देते हैं।

ब्रेन ट्यूमर के लक्षण

ब्रेन ट्यूमर के सबसे आम लक्षणों में से एक अलग तरह का सिरदर्द है। यह सामान्य तनाव या थकान से होने वाले सिरदर्द जैसा नहीं होता। यह दर्द धीरे-धीरे बढ़ता है और अक्सर सुबह के समय ज्यादा तेज महसूस होता है। खांसने, झुकने या लेटने पर भी इसकी तीव्रता बढ़ सकती है। यदि सिरदर्द लगातार बना रहे और दवाओं से भी राहत न मिले तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। बार-बार मतली या उल्टी आना भी एक महत्वपूर्ण संकेत हो सकता है। विशेष रूप से सुबह के समय बिना किसी स्पष्ट कारण के उल्टी होना दिमाग के भीतर बढ़ते दबाव का संकेत माना जाता है। कई लोग इसे गैस, एसिडिटी या पाचन संबंधी समस्या समझ लेते हैं, जिससे सही इलाज में देरी हो सकती है।

समस्याएं लक्षण भी हो सकते हैं ब्रेन ट्यूमर का लक्षण

दृष्टि संबंधी समस्याएं भी ब्रेन ट्यूमर का लक्षण हो सकती हैं। धुंधला दिखना, डबल विजन, अचानक कुछ समय के लिए नजर कमजोर पड़ना या साइड से देखने में परेशानी होना ऐसे संकेत हैं जिन्हें हल्के में नहीं लेना चाहिए। कई बार लोग इसे मोबाइल या स्क्रीन के अधिक उपयोग का परिणाम मान लेते हैं। इसके अलावा याददाश्त कमजोर होना, ध्यान केंद्रित करने में कठिनाई, बार-बार चीजें भूलना या बातचीत के दौरान सही शब्द याद न आना भी चेतावनी के संकेत हो सकते हैं। चक्कर आना, संतुलन बिगड़ना और शरीर के समन्वय में कमी भी इस बीमारी से जुड़े लक्षण हैं।

बिना किसी पूर्व इतिहास के बाद भी मिलते है लक्षण

कुछ मामलों में बिना किसी पूर्व इतिहास के अचानक दौरे (सीजर्स) पड़ना भी ब्रेन ट्यूमर का शुरुआती संकेत हो सकता है। यदि शरीर में झटके आएं, बेहोशी हो या कुछ समय के लिए भ्रम की स्थिति बने तो तुरंत चिकित्सकीय जांच करानी चाहिए।

लक्षण को न करें नजरअंदाज

विशेषज्ञों के अनुसार ब्रेन ट्यूमर का उपचार उसके प्रकार, आकार और स्थान पर निर्भर करता है। आधुनिक चिकित्सा में सर्जरी, रेडिएशन थेरेपी और कीमोथेरेपी जैसी कई प्रभावी उपचार विधियां उपलब्ध हैं। इसलिए किसी भी असामान्य और लगातार बने रहने वाले लक्षण को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते डॉक्टर से संपर्क करना सबसे बेहतर कदम है।

Written By: Geeta Sharma