आयुर्वेद में सही खानपान को बहुत अहम माना जाता है। इसके अनुसार खाने-पीने में छोटी सी गलती भी सेहत पर भारी पड़ सकती है। हाल ही में मुंबई से एक दुखद मामला सामने आया, जहां एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 25 अप्रैल 2026 को परिवार ने पहले बिरयानी खाई और उसके कुछ समय बाद तरबूज खाया। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें फूड पॉइजनिंग हुई थी। अब सवाल यह उठता है कि क्या बिरयानी और तरबूज साथ में खाना सही नहीं है? डॉक्टरों के अनुसार, कुछ फूड कॉम्बिनेशन शरीर पर बुरा असर डाल सकते हैं और सेहत के लिए खतरनाक हो सकते हैं।
क्या तरबूज और बिरयानी सेहत के लिए हानिकारक हैं?
बिरयानी और तरबूज को साथ खाना कोई जानलेवा फूड कॉम्बिनेशन नहीं है। डॉक्टर उमा शंकर शर्मा के अनुसार अगर तरबूज या बिरयानी खराब हो, तो फूड पॉइजनिंग हो सकती है। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है कि बिरयानी के बाद तरबूज खाने से हर बार फूड पॉइजनिंग ही हो। हालांकि, बिरयानी खाने के तुरंत बाद तरबूज खाने से कुछ लोगों का पेट खराब हो सकता है। इससे दस्त, उल्टी या अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए बेहतर है कि इन दोनों को एक साथ या तुरंत बाद खाने से बचें।
क्या फूड पॉइजनिंग से तुरंत हो सकती है मौत?
डॉक्टरों के अनुसार फूड पॉइजनिंग के बाद लक्षण तुरंत गंभीर नहीं होते, बल्कि धीरे-धीरे विकसित होते हैं। अगर व्यक्ति पहले से स्वस्थ है, तो शरीर संक्रमण से लड़ने की कोशिश करता है। अगर किसी को लगातार उल्टी और दस्त होते रहें, तो शरीर में पानी और जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है। इससे ब्लड प्रेशर अचानक गिर सकता है और शॉक की स्थिति बन सकती है, जो कुछ मामलों में खतरनाक साबित हो सकती है।
क्या बिरयानी और तरबूज खाने से हो सकती है मौत?
बिरयानी और तरबूज को साथ खाने से मौत होना सही नहीं माना जाता। डॉक्टरों के अनुसार इन दोनों के बीच कोई ऐसा केमिकल रिएक्शन नहीं होता जो जानलेवा हो। हां, अगर कोई व्यक्ति ज्यादा मात्रा में इनका सेवन करता है, तो गैस, पेट दर्द और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अगर किसी मामले में मौत हुई है, तो उसके पीछे फूड पॉइजनिंग, एलर्जी, खराब खाना या अन्य स्वास्थ्य कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि तरबूज जल्दी पच जाता है (20–30 मिनट), जबकि बिरयानी जैसे भारी खाने को पचने में 4–5 घंटे लगते हैं। इसलिए दोनों को एक साथ खाने से पाचन में गड़बड़ी हो सकती है और दस्त या उल्टी की समस्या हो सकती है। हालांकि, यह कॉम्बिनेशन खुद से जानलेवा नहीं है। बेहतर है कि बिरयानी खाने के 5–6 घंटे बाद ही तरबूज खाया जाए और हमेशा संतुलित मात्रा में ही इसका सेवन किया जाए।
इन बातों का रखें ध्यान
अगर आप हेवी मील खा रहे हैं तो इसके तुरंत बाद तरबूज ना खाएं।
एक मील खाने के 4 से 5 घंटे बाद ही कुछ खाना चाहिए।
कटा हुआ तरबूज ज्यादा देर तक बाहर रखकर नहीं खाना चाहिए।
फ्रिज में भी कटा हुआ तरबूज लंबे समय तक नहीं रखना चाहिए।
तरबूज हमेशा फ्रेश और साफ करके ही खाना चाहिए।
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। यहां यह बताना जरूरी है कि TNP News किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है।
Written By - Namita Verma