Nitish Kumar Resign: सोमवार 30 मार्च को बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने करीब सुबह 10.00 बजे बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह को अपना इस्तीफा सौंपा। वहीं 13 अप्रैल के बाद उनके मुख्यमंत्री पद छोड़ने की भी संभावना जताई जा रही है।

सीएम नीतीश ने विधान परिषद की सदस्यता से दिया इस्तीफा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा सांसद बनने के बाद MLC पद से इस्तीफा दे दिया है। इस फैसले से अब उनके मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देने का रास्ता साफ हो गया है। वह संभावना जताई जा रही है कि वह कभी भी मुख्यमंत्री के पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं।

सीएम पद से भी देना होगा इस्तीफा

राज्य विधानसभा या विधान परिषद सदस्य न होने की स्थिति में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा देना होगा। हालांकि राज्यसभा की सदस्यता को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री ने अपनी 'समृद्धि यात्रा' के 5 चरणों के दौरान इस मामले पर एक भी शब्द नहीं कहा। बता दें, यह यात्रा 26 मार्च को पटना में समाप्त हुई थी। हालांकि, हाल में संपन्न हुए राज्यसभा चुनाव में उन्होंने नामांकन दाखिल किया और पहली बार उच्च सदन के सदस्य के रूप में चुने गए।

अब बिहरा का मुख्यमंत्री कौन?

सीएम नीतीश कुमार के विधान परिषद से इस्तीफा देने के साथ ही उनके सियासी उत्तराधिकारी को चुनने की कवायद तेज हो जाएगी। अब नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं चल रही हैं। वहीं मौजूदा डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी का नाम मुख्यमंत्री पद के लिए प्रमुख दावेदारों में से एक माना जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा की बिहार की कमान किसके हाथ में आता है।

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी विधायक पद से दिया इस्तीफा

बिहार की राजनीति के लिए आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। 30 मार्च सोमवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने बांकीपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद, संवैधानिक नियमों का पालन करते हुए उन्होंने बिहार विधानसभा से अपना त्यागपत्र सौंपा है।

 Writen By: Geeta Sharma