IPL 2026 के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से पहले कई टीमों के लिए खिलाड़ियों की फिटनेस चिंता का कारण बनी हुई है। इसी बीच कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR)के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। टीम के स्क्वाड में शामिल श्रीलंका के तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना अब पूरी तरह फिट हो चुके हैं और उनके IPL में खेलने का रास्ता साफ हो गया है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान हुए थे घायल
पथिराना हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान चोटिल हो गए थे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले में गेंदबाजी करते समय उन्हें चोट लगी थी, जिसके बाद वह लंबे समय तक मैदान से बाहर रहे। उनकी गैर-मौजूदगी ने KKR के लिए चिंता बढ़ा दी थी, लेकिन अब उन्होंने सफलतापूर्वक अपना रिहैबिलिटेशन पूरा कर लिया है और फिर से गेंदबाजी शुरू कर दी है।
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने पथिराना को दी NOC
सबसे बड़ी बात यह है कि पथिराना को श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की ओर से IPL 2026 में खेलने के लिए NOC भी मिल गया है। बोर्ड के सचिव बंदुला दिसानायके ने पुष्टि करते हुए कहा कि पथिराना अब पूरी तरह फिट हैं और उन्हें टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति दे दी गई है। इससे साफ है कि वह सीजन के शुरुआती मुकाबलों में ही मैदान पर उतर सकते हैं।
हर्षित राणा के इस सीजन में खेलने की संभावना कम
KKR के लिए यह खबर इसलिए भी बेहद अहम है क्योंकि टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज हर्षित राणा के इस सीजन में खेलने की संभावना कम बताई जा रही है। ऐसे में तेज गेंदबाजी आक्रमण में पथिराना की मौजूदगी टीम को संतुलन देगी। उनकी अनोखी एक्शन और डेथ ओवरों में सटीक यॉर्कर फेंकने की क्षमता KKR के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती है।
पथिराना का फिट होना KKR के लिए बेहद अहम
गौरतलब है कि पथिराना इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं और IPL में उनका प्रदर्शन काफी प्रभावशाली रहा है। अब KKR की जर्सी में उनका फिट होकर लौटना टीम के लिए सीजन से पहले एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। हालांकि, टीम मैनेजमेंट उनकी फिटनेस को लेकर सावधानी बरतना चाहेगा ताकि पूरे सीजन में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मिल सके। कुल मिलाकर, IPL 2026 से पहले KKR के लिए यह एक बड़ी और राहत देने वाली खबर है।
Writen By: Geeta Sharma