Arvind Kejriwal Instagram Account Blocked: आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में ब्लॉक (प्रतिबंधित) कर दिया गया है। केजरीवाल ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इंस्टा अकाउंट ब्लॉक होने का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए मेटा (Meta) और केंद्र सरकार पर सीधा निशाना साधा है।

पीएम मोदी के आगे इतना मत झुको
अरविंद केजरीवाल ने 'X' पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि आपने मेरा अकाउंट क्यों बंद किया है? आपके कार्यालय की तरफ से मुझे बताया गया कि मेरा अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। आखिर क्यों? आपकी तरफ से इसके पीछे की कोई वजह नहीं बताई गई है। इस संबंध में भेजे गए सभी ईमेल के जवाब में भी कोई स्पष्टता नहीं है। यह बेहद खराब है। हमारे प्रधानमंत्री के आगे इतना भी मत झुको, वरना एक दिन वह तुम्हें भारत में सिर्फ उनका ही अकाउंट चलाने की अनुमति देंगे।

E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार हमलावर
अरविंद केजरीवाल पिछले काफी समय से E20 पेट्रोल (20% एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल) की अनिवार्यता और गुणवत्ता को लेकर केंद्र सरकार पर लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर आरोप लगाया कि सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफ़ैक्चरर्स (SIAM) ने 28 जुलाई को सरकार को एक रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें बताया गया था कि E20 पेट्रोल में क्लोराइड और नमी की मात्रा अधिक होने से पुरानी गाड़ियों के इंजन और पार्ट्स खराब हो रहे हैं। केजरीवाल का दावा है कि सरकार ने दबाव बनाकर SIAM से यह रिपोर्ट वापस करवा ली।

पीएम आवास तक मार्च
E20 पेट्रोल के विरोध में केजरीवाल ने हाल ही में समर्थकों के साथ प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च करने का प्रयास किया था, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें फिरोजशाह मार्ग पर ही रोक दिया था। वहीं केजरीवाल का कहना है कि सरकार जल्द ही पेट्रोल में 50% तक मिलावट (E50) और डीजल में भी मिलावट करने की योजना बना रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि जब तक स्थिति स्पष्ट न हो, वे नई पेट्रोल-डीजल गाड़ियां खरीदने से बचें।



सरकार और पेट्रोलियम मंत्रालय का पक्ष
केजरीवाल के आरोपों के बाद पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से स्पष्टीकरण जारी किया गया है कि देशभर में बिक रहे ईंधन की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाती है और 2,000 से अधिक सैंपलों में केवल दो स्थानों पर गड़बड़ी पाई गई थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई की गई। हालांकि, अरविंद केजरीवाल का कहना है कि आप (AAP) का यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। 

और पढे़ं: 'जेल भेज दो या मार डालो...' शेख हसीना के बयान से मचा सियासी तूफान, भारत पर भड़का बांग्लादेश

जंतर-मंतर को दहलाने की थी साजिश! ISI समर्थित आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश, 9 गिरफ्तार 

Written by Shailesh Yadav