Shaukat Ali News: हमें 111 नहीं सिर्फ 11 विधायक दे दो फिर देखो किसी मुसलमान का एनकाउंटर करने वाले का भी एनकाउंटर होगा। ये विवादित बयान है AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली का। जिसके बाद से यूपी की राजनीतिक गलियारों में हलचल मची हुई है। दरअसल, AIMIM नेता  मेरठ के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होने यह बड़ा बयान दिया। साथ ही केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। 

'किसी मुसलमान का एनकाउंटर करने वाले का भी होगा एनकाउंटर'

बता दें कि AIMIM प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली मेरठ में आयोजित ईद मिलन के एक कार्यक्रम में शिरक्रत करने पहुंचे थे। जहां उन्होंने सरकार और प्रशासन को निशाने पर लिया। साथ ही उन्होंने सपा पर भी निशाना साधा और कहा कि आपने जिसके 111 विधायक जिताए वहीं अब यह कह रहे हैं कि उनकी सरकार नहीं है वो क्या कर सकते है। 

'यूपी में मदरसों पर ताले लगवाए गए'

AIMIM प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश में मदरसों पर ताले लगवाए गए, सिर्फ आरोपों के आधार पर लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाए गए। जिन लोगों का इस देश को आजाद कराने में भूमिका रही, उन्हीं पर अत्याचार किया जा रहा है। 

'एक डंडा, एक झंडा और एक नेता' के तहत एकजुट होना होगा'

इसके साथ ही AIMIM नेता ने अपने समर्थकों से अपील करते हुए कहा अगर मस्जिदों और मदरसों की हिफाजत करनी है, तो 'एक डंडा, एक झंडा और एक नेता' के तहत एकजुट होकर विधानसभा तक पहुंच बनानी होगी। आगे उन्होंने विकास के मुद्दे को लेकर भी प्रदेश सरकार को घेरने की कोशिश की। कहा कि विकास केवल गोरखपुर और सैफई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि मेरठ को भी उसका हक मिलना चाहिए।

 Writen By: Geeta Sharma