फिल्म 'OMG 2' को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। फिल्म के लेखक और निर्देशक अमित राय ने परेश रावल के उन दावों पर प्रतिक्रिया दी है, जिनमें उन्होंने फिल्म की कहानी को अपने आइडिया से जुड़ा बताया था। अमित राय ने कहा कि इस फिल्म की शुरुआत से लेकर इसे तैयार करने तक की पूरी प्रक्रिया में उनकी अहम भूमिका रही है।
फिल्म के आइडिया और लेखन पर अमित राय का दावा
अमित राय ने फिल्म निर्माण की तुलना बच्चे के पालन-पोषण से करते हुए कहा कि जिस तरह एक माता-पिता अपने बच्चे को जन्म देकर उसे आगे बढ़ाते हैं, उसी तरह उन्होंने इस फिल्म के विचार को विकसित किया और पर्दे तक पहुंचाया। उन्होंने दावा किया कि स्क्रिप्ट राइटर एसोसिएशन में दर्ज प्रमाण और आधिकारिक दस्तावेजों में लेखक के तौर पर उनका नाम मौजूद है।
अमित राय ने दी सफाई
अमित राय ने यह भी कहा कि परेश रावल की बात उनकी व्यक्तिगत राय हो सकती है और इस मुद्दे पर बातचीत उन्हें प्रोडक्शन कंपनी या अक्षय कुमार के साथ करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने फिल्म लिखी और बनाई है, इसलिए कहानी पर उनका अधिकार है।
अश्विन वर्दे परेश रावल को लेकर कही ये बात
फिल्म के को-प्रोड्यूसर अश्विन वर्दे ने भी परेश रावल के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि अमित राय ने जब उन्हें कहानी सुनाई थी, तभी उन्हें लगा था कि इसका ढांचा 'OMG' फ्रेंचाइजी से मिलता-जुलता है। उनके अनुसार, अमित ने बताया था कि कहानी को इस रूप में रखने का सुझाव खुद परेश रावल की ओर से आया था।
परेश रावल को मिला पूरा सम्मान- अश्विन वर्दे
अश्विन वर्दे ने आरोप लगाया कि 'OMG' के अधिकार अक्षय कुमार के पास हैं और परेश रावल को किसी भी बदलाव या इस्तेमाल के लिए उनसे बात करना चहाते थे, उन्होंने कहा कि स्क्रिप्ट अमित राय के नाम पर पंजीकृत है और वही इसके लेखक हैं, उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म में परेश रावल को सम्मान दिया गया था। उनके अनुसार, उन्हें प्रोड्यूसर क्रेडिट भी मिला था, हालांकि निर्माण प्रक्रिया में उनका सीधा योगदान नहीं था। इसके अलावा, फिल्म के लिए तय भुगतान भी उन्हें किया गया था।
श्रेय को लेकर जारी है विवाद
वहीं, परेश रावल ने अपने एक इंटरव्यू में कहा था कि 'OMG 2' का शुरुआती विचार उनके और अमित राय के बीच हुई बातचीत से जुड़ा था। उन्होंने बताया था कि उन्होंने अमित राय से संपर्क किया क्योंकि उन्हें उनका काम पसंद था। पहली 'OMG' में परेश रावल मुख्य भूमिका में थे, जबकि दूसरी फिल्म में पंकज त्रिपाठी ने प्रमुख किरदार निभाया। फिलहाल इस विवाद में दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात रख रहे हैं और मामला फिल्म के विचार, अधिकार और श्रेय को लेकर बहस तक सीमित है।
Written By Toshi Shah