आम आदमी पार्टी के भीतर नाराज़गी की चर्चाओं के बीच राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने अपने ऊपर लगे आरोपों पर खुलकर प्रतिक्रिया दी है, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि मैं बोलना नहीं चाहता था, मगर चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता, उन्होंने कहा कि मुझ पर कोऑर्डिनेटेड अटैक किया गया।
मेरे खिलाफ एक स्क्रिप्टेड कैंपेन चलाया जा रहा- राघव
एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए चड्ढा ने कहा, ''कल से मेरे खिलाफ एक स्क्रिप्टेड कैंपेन चलाया जा रहा है। सेम भाषा, सेम बातें और सेम आरोप। जिसमें एक जैसी भाषा और आरोपों का इस्तेमाल किया जा रहा है। उनके मुताबिक, शुरुआत में उन्होंने चुप रहना बेहतर समझा, फिर लगा कि कहीं झूठ को सौ बार बोला जाय तो इसे कुछ लोग मान न लें। इसलिए उन्होंने सोचा कि जवाब दे।
AAP ने लगाया तीन आरोप
आम आदमी पार्टी ने तीन आरोप लगाते हुए ये कहा कि इन आरोपों की वजह से हम राघव चड्ढा को पार्लियामेंट में बोलने का मौका नहीं देंगे।
वॉकआउट नहीं करने वाली बात सरासर झूठ- राघव चड्ढा
राघव चड्ढा ने कहा, ''मेरे ऊपर पहला आरोप है कि जब विपक्ष पार्लियामेंट से वॉकआउट करता है तो राघव चड्ढा वहीं बैठे रहते हैं, वो वॉकआउट नहीं करते हैं। ये सरासर झूठ है। सफेद झूठ है। मैं चुनौती देता हूं कि एक दिन ऐसा बताएं जब विपक्ष ने वॉकआउट किया हो और मैंने उनका साथ न दिया हो। पार्लियामेंट में तो हर जगह सीसीटीवी कैमरा है। आप सीसीटीवी कैमरा निकालकर दिखा दीजिए। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।
मैं बोलना नहीं चाहता था, मगर चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता।
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 4, 2026
Three Allegations. Zero Truth.
My Response: pic.twitter.com/tPdjp04TLt
CEC के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर क्या बोले राघव चड्ढा?
दूसरे आरोप के जवाब में उन्होंने कहा कि चीफ इलेक्शन कमिश्नर के इंपीचमेंट मोशन पर यानी मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर न करने की बात भी निराधार है, उनके अनुसार, पार्टी की ओर से उन्हें इस प्रस्ताव पर साइन करने के लिए कभी नहीं कहा गया, उन्होंने यह भी जोड़ा कि राज्यसभा में पार्टी के कई अन्य सांसदों ने भी इस पर हस्ताक्षर नहीं किए थे, तो केवल उन्हें ही निशाना बनाना गलत है।
मैं पार्लियामेंट में शोर मचाने नहीं..- राघव
उन्होंने कहा, ''मुझ पर जो तीसरा आरोप लगाया वो ये था कि राघव चड्ढा डर गए हैं और इसलिए वो बेकार के मुद्दे उठाते हैं। तीसरे आरोप को खारिज करते हुए चड्ढा ने कहा कि उनका उद्देश्य संसद में हंगामा करना नहीं बल्कि जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है, उन्होंने बताया कि उन्होंने जीएसटी, इनकम टैक्स, पंजाब के पानी, दिल्ली के प्रदूषण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और रेलवे यात्रियों की समस्याओं जैसे कई अहम विषयों को संसद में उठाया है।
हर सवाल का जवाब दिया जाएगा- राघव चड्ढा
राघव चड्ढा ने आगे कहा कि आप मेरे चार साल के पार्लियामेंट का ट्रैक रिकॉर्ड उठाकर देख लीजिए। मैं पार्लियामेंट में इंपैक्ट क्रिएट करने गया हूं, वहां हंगामा खड़ा करने नहीं गया। टैक्स पेयर के पैसे से जो पार्लियामेंट चलती है, उस टैक्स पेयर के मुद्दे उठाने के लिए मैं संसद में गया हूं। अंत में मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि जो लोग मुझ पर झूठे आरोप लगा रहे हैं। हर झूठ को बेनकाब किया जाएगा और हर सवाल का जवाब दिया जाएगा क्योंकि मैं घायल हूं इसलिए घातक हूं।'
Written By Toshi Shah