पश्चिम एशिया में जारी संकट पर चर्चा के लिए केंद्र सरकार ने आज यानी बुधवार 25 मार्च को शाम 5 बजे सर्वदलीय बैठक बुलाने का निर्णय लिया है। जानकारी के मुताबिक इस बैठक की अध्यक्षता रक्षा मंत्री Rajnath Singh कर सकते हैं, वहीं, विदेश मंत्री S Jaishankar भी इसमें शामिल हो सकते हैं।
राहुल गांधी ने लगाए कई आरोप
इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि वे पहले से तय केरल कार्यक्रम के कारण इस बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे, उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा बेहद जरूरी है, लेकिन सरकार पहले ही गंभीर चूक कर चुकी है। राहुल गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि देश की व्यवस्थागत संरचना कमजोर कर दी गई है, जिसे सुधारने में लंबा समय लगेगा, साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने के बजाय अमेरिका और इजरायल के प्रभाव में काम कर रहे हैं और किसानों व युवाओं के हित में प्रभावी कदम नहीं उठा पा रहे हैं।
विपक्षी दलों ने की थी सर्वदलीय बैठक की मांग
बता दें कि पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर सर्वदलीय बैठक की मांग विपक्षी दलों ने ही उठाई थी। कांग्रेस समेत कई पार्टियां इस युद्ध और उसके भारत पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर सरकार से लगातार जवाब मांग की जा रही हैं।
पीएम मोदी ने कही ये बात
राज्यसभा में अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए सात अधिकार-संपन्न समूहों का गठन किया गया है। ये समूह एलपीजी, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों की स्थिति का लगातार आकलन कर सुझाव देंगे।
इस संकट से निपटने के लिए सरकार तैयार है- पीएम
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि तीन सप्ताह से अधिक समय से जारी इस संघर्ष ने वैश्विक स्तर पर गंभीर ऊर्जा संकट पैदा कर दिया है, उन्होंने पहले लोकसभा में भी कहा था कि इस अप्रत्याशित संकट का असर लंबे समय तक रह सकता है और इससे निपटने के लिए सरकार पूरी तरह तैयार है।
इस मुद्दे पर भी हो सकती है चर्चा
जानकारी के मुताबिक इस बैठक में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाले विधेयक पर भी चर्चा हो सकती है, जिस पर सरकार सभी राजनीतिक दलों का समर्थन चाहती है।
Written By Toshi Shah