अक्षय तृतीया इस साल 19 अप्रैल 2026 को मनाई जाएगी। यह दिन धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से बहुत शुभ माना जाता है। आपको बता दें कि इस बार इस दिन आयुष्मान योग भी रहेगा, जिसे लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सौभाग्य देने वाला माना जाता है। इस मौके पर कुछ विशेष उपाय करने से स्वास्थ्य लाभ मिल सकता है और रोगों से राहत मिलने की मान्यता है। आइए जानते हैं ये उपाय क्या हैं।
1. महामृत्युंजय मंत्र का जप
अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर भगवान शिव की आराधना करते हुए महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना बहुत लाभकारी माना जाता है। इसे रोगों से रक्षा करने वाला और जीवन के भय को दूर करने वाला मंत्र कहा गया है। इस दिन कम से कम 108 बार इसका जाप करना चाहिए, और संभव हो तो अधिक संख्या में भी किया जा सकता है। ऐसा करने से शारीरिक कष्टों में कमी और मानसिक शांति मिलने की मान्यता है।
2. मिट्टी के पात्र में जल का दान
गर्मी के मौसम में आने वाली अक्षय तृतीया पर जल दान का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन मिट्टी के बर्तन में पानी भरकर दान करना शुभ फल देता है। ऐसा करने से कुंडली में चंद्रमा और बुध की स्थिति मजबूत होती है, जिससे मानसिक तनाव कम होता है और सेहत में सुधार की मान्यता है।
3. दवाइयों का दान
इस दिन जरूरतमंदों, अनाथालय या वृद्धाश्रम में दवाइयों का दान करना बहुत पुण्यकारी माना जाता है। बीमार लोगों की मदद करना इस दिन विशेष रूप से शुभ माना गया है। ऐसा करने से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है और स्वास्थ्य लाभ की मान्यता जुड़ी हुई है।
4. पितरों की पूजा और तर्पण
कई बार बार-बार होने वाली बीमारियों को पितृ दोष से जोड़ा जाता है। ऐसे में अक्षय तृतीया पर पितरों की पूजा, तर्पण या पिंडदान करने की परंपरा है। इससे पूर्वजों का आशीर्वाद मिलता है और परिवार में सुख-शांति और स्वास्थ्य में सुधार होने की मान्यता है।
5. पीली चीजों का दान
अक्षय तृतीया के दिन पीले रंग की चीजों का दान करना भी बहुत शुभ माना जाता है, क्योंकि इस समय सूर्य अपनी उच्च स्थिति में होते हैं। इस दिन आम, खरबूजा, चने की दाल जैसी पीली वस्तुएं दान करने से सूर्य और गुरु ग्रह मजबूत होते हैं और अच्छे स्वास्थ्य व समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है।
Written By - Namita Verma