Bhooth Bangla Collection: अक्षय कुमार स्टारर ‘भूत बंगला’ ने रिलीज के पहले ही दिन शानदार ओपनिंग हासिल की। बता दें कि फिल्म ने सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि ओवरसीज मार्केट में भी दमदार कमाई की है। 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस हॉरर-कॉमेडी का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। खास बात यह है कि फिल्म का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है, जो अपनी यादगार कल्ट फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।

14 साल बाद फिर साथ आई सुपरहिट जोड़ी
अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी ने बॉलीवुड को कई शानदार कॉमेडी फिल्में दी हैं। दोनों ने साल 2007 में कल्ट हॉरर-कॉमेडी ‘भूल भुलैया’ में साथ काम किया था। अब लंबे 14 साल बाद यह हिट जोड़ी एक बार फिर ‘भूत बंगला’ के साथ बड़े पर्दे पर लौट आई है।

फिल्म की पहले दिन की कमाई ने मचाया धमाल
‘भूत बंगला’ ने रिलीज के पहले दिन 12.25 करोड़ रुपये की दमदार कमाई दर्ज की। अगर पेड प्रीव्यूज को भी इसमें जोड़ दिया जाए, तो फिल्म की कुल ओपनिंग 15.75 करोड़ रुपये पहुंच गई। वहीं ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने 17.36 करोड़ रुपये का शानदार आंकड़ा छू लिया है। कुल मिलाकर करीब 17 करोड़ रुपये की ग्रैंड ओपनिंग के साथ अक्षय कुमार ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार वापसी की है। पिछले कुछ समय से उनकी फिल्में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पा रही थीं, लेकिन ‘भूत बंगला’ उनके करियर के लिए राहत भरी शुरुआत साबित हुई है।

‘धुरंधर 2’ की रफ्तार पर पड़ा असर?
‘भूत बंगला’ की दमदार एंट्री का असर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ की कमाई पर भी देखने को मिला है। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर बीते शुक्रवार फिल्म ने सिर्फ 2.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही एक महीने में ‘धुरंधर 2’ की कुल इंडिया नेट कमाई 1,105.82 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,741.73 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
कैसी है कहानी और कौन-कौन हैं कलाकार?
हॉरर-कॉमेडी ‘भूत बंगला’ की कहानी अक्षय कुमार के किरदार अर्जुन के इर्द-गिर्द घूमती है। अर्जुन को मंगलपुर में एक पुश्तैनी महल विरासत में मिलता है, जहां वह अपनी बहन की शादी कराने का फैसला करता है। लेकिन हवेली में छिपे डरावने राज, रहस्यमयी घटनाएं और अलौकिक शक्तियां उसकी जिंदगी बदल देती हैं। इसके बाद अर्जुन उस महल के काले अतीत का सच जानने निकल पड़ता है।

फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी दमदार स्टार कास्ट है। प्रियदर्शन ने ‘भूल भुलैया’ के बाद फिर से हॉरर-कॉमेडी जॉनर में वापसी की है। फिल्म में परेश रावल, राजपाल यादव, तब्बू, जिस्शु सेनगुप्ता और वामिका गब्बी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। खासतौर पर अक्षय कुमार, परेश रावल और राजपाल यादव की तिकड़ी दर्शकों के लिए फुल एंटरटेनमेंट पैकेज साबित हो रही है।
Written By - Namita Verma