UP Politics: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 चुनाव में अभी काफी समय है। लेकिन महिला वोटरों को साधने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महिला वोटरों के लिए बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगर 2027 में उनकी सरकार बनी तो वो महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देंगे। इसके साथ ही नारी समृद्धि सम्मान योजना शुरू की जाएगी।

वंचित महिलाओं को मिलेगी 40 हजार रुपये

बता दें, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी 2027 में सत्ता में आती है, तो पुनर्जीवित समाजवादी पार्टी पेंशन योजना के तहत वंचित महिलाओं को प्रति वर्ष 40,000 रुपये मिलेंगे। उन्होंने महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के उद्देश्य से पहले से चल रही योजनाओं को फिर से शुरू करने की बात कही।

महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य के विकास के लिए है जरूरी

आगे अखिलेश यादव ने कहा कि महिलाएं समाज का अहम हिस्सा हैं और राज्य के समग्र विकास के लिए उनकी प्रगति आवश्यक है। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पार्टी महिलाओं को सम्मान और समर्थन देने के लिए रानी लक्ष्मीबाई जैसी योजनाओं को फिर से शुरू करने की योजना बना रही है। उनके अनुसार, महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य के भविष्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

भाजपा पर साधा निशाना

अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार की जमकर आलोचना की। उनका ऐसा दावा है कि यूपी में अपराध बढ़ रहे हैं और लोग, विशेषकर महिलाएं, असुरक्षित महसूस कर रही हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि व्यवस्था का राजनीतिक उद्देश्यों के लिए दुरुपयोग किया जा रहा है। आगे कहा कि जब तक सरकार नहीं बदलती, स्थिति में सुधार नहीं होगा

एख बार फिर सता में वापसी करेंगी सीएम ममता

आपको बता दें, अखिलेश यादव ने बुनियादी ढांचा परियोजनाओं, विशेष रूप से लखनऊ के ग्रीन कॉरिडोर को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि परियोजना में उचित योजना का अभाव है और पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान नहीं रखा गया है। वहीं पश्चिम बंगाल चुनाव पर अखिलेश यादव ने कहा कि ममता बनर्जी सत्ता में वापसी करेंगी। क्योंकि विरोधियों के प्रयासों के बावजूद, जनता का समर्थन उनके पक्ष में मजबूत बना हुआ है।

 Writen By: Geeta Sharma