Akhilesh Yadav on OP Rajbhar: समाजवादी पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के बीच राजनीतिक बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है। सुभासपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर द्वारा सपा में संभावित बगावत का दावा किए जाने के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए राजभर को “अफ़वाही मंत्री” करार दिया और उन पर भ्रष्टाचार से जुड़े गंभीर आरोप लगाए।
'समाजवादी पार्टी में हो सकती है बगावत'
दरअसल, ओम प्रकाश राजभर ने 17 जून को दावा किया था कि समाजवादी पार्टी में कभी भी तृणमूल कांग्रेस जैसी बगावत हो सकती है। उन्होंने कहा कि सपा के कुछ सांसदों में नाराजगी है और जल्द ही बलिया के एक नेता के नेतृत्व में बागी गुट सामने आ सकता है। राजभर ने अखिलेश यादव को सलाह देते हुए कहा था कि उन्हें सोशल मीडिया की राजनीति छोड़कर “अपने सांसदों को बचाओ अभियान” चलाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने राजभर पर किया पलटवार
राजभर के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव ने एक्स पर एक लंबी पोस्ट लिखी। उन्होंने कहा कि अब केवल टिकट चाहने वाले ही नहीं, बल्कि विभागीय अधिकारी और ठेकेदार भी राजभर को खोज रहे हैं।
पंचायती-समाचार :
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 18, 2026
टिकटार्थियों के बाद अधिकारी और ठेकेदार मिलके कर रहे ‘ढुंढाई पंचायत’
समाचार-विस्तार : कल तक तो ‘अफ़वाही’ मंत्री जी को केवल वो भावी प्रत्याशी ही ढूँढ रहे थे जिनसे इन्होंने टिकट के नाम पर एडवांस वसूल लिया था, लेकिन अब जो जान गये हैं कि ‘30 सीट’ की बात अफ़वाह है।… pic.twitter.com/gBewgyc2b5
अखिलेश ने आरोप लगाया कि ट्रांसफर-पोस्टिंग और ठेके दिलाने के नाम पर लोगों से अग्रिम धनराशि वसूली गई है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि पंचायती राज विभाग में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को लेकर असंतोष बढ़ रहा है।
सपा कार्यालय में ब्राह्मण समाज का अपमान हुआ है: राजभर
वहीं, ओम प्रकाश राजभर ने भी पलटवार करते हुए कहा कि हाल ही में सपा कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ब्राह्मण समाज का अपमान हुआ, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष और बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि सपा में फूट की संभावना पहले से मौजूद थी, लेकिन हाल की घटनाओं ने उसे और मजबूत कर दिया है।
सपा वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने भी राजभर को घेरा
इस राजनीतिक विवाद में सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव भी कूद पड़े। उन्होंने राजभर के दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि भाजपा से जुड़े नेता अक्सर भ्रम फैलाने और साजिश रचने का काम करते हैं। शिवपाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी का कोई भी सांसद टूटने वाला नहीं है और पार्टी पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ नेता केवल सुर्खियां बटोरने और राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे बयान देते हैं।
#WATCH | Lucknow, Uttar Pradesh: On OP Rajbhar's statement, SP leader Shivpal Yadav says, "BJP people lie. They also keep conspiring from time to time. No MP of Samajwadi Party will break away. These people say this to increase their TRP and increase seats during the elections. I… pic.twitter.com/5xUV1ZmHaL
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) June 18, 2026
शिवपाल यादव ने विश्वास जताया कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश राजभर को प्रदेश में कोई गंभीरता से नहीं लेता।
Written By: Geeta Sharam