नई दिल्ली। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली ने शनिवार को एक महिला मरीज के साथ कथित अनुचित व्यवहार की शिकायत के बाद सुरक्षा गार्ड को नौकरी से निकाल दिया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। संस्थान की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।

सुरक्षा एजेंसी और सुरक्षा गार्ड के खिलाफ सख्त कार्रवाई

संस्थान ने सुरक्षा गार्ड की पहचान धनंजय सिंह के रूप में की है। एम्स ने बताया कि जिस निजी सुरक्षा एजेंसी के माध्यम से वह कार्यरत था, उसके खिलाफ भी दंडात्मक कार्रवाई की गई है।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, “एम्स नई दिल्ली ने महिला मरीज के साथ अनुचित व्यवहार की शिकायत के बाद सुरक्षा गार्ड धनंजय सिंह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। गार्ड की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं, सुरक्षा एजेंसी पर जुर्माना लगाया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।”

संस्थान ने मरीजों की सुरक्षा और गरिमा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वह किसी भी तरह के उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं करेगा।

एम्स में मरीजों से दुर्व्यवहार पर जीरो-टॉलरेंस नीति

बयान में कहा गया, “एम्स नई दिल्ली महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न और दुर्व्यवहार के खिलाफ अपनी जीरो-टॉलरेंस नीति को दोहराता है और सभी मरीजों तथा उनके साथ आए लोगों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

यह भी पढ़ें:  स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, कालकाजी मंदिर-नेहरू प्लेस में मॉक ड्रिल

मामले में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए संस्थान ने आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Written By: Pradeep Singh