Tamil Nadu Assembly Elections 2026: तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राज्य की प्रमुख विपक्षी पार्टी AIADMK (अन्नाद्रमुक) ने अपने 23 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस सूची में कई दिग्गज नेताओं को शामिल कर चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। खास बात यह है कि पार्टी ने अपने मजबूत और अनुभवी चेहरों पर भरोसा जताते हुए संतुलन साधने की कोशिश की है।
एडप्पाडी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेगे के. पलानीस्वामी
पार्टी के अध्यक्ष के. पलानीस्वामी को उनके गृह क्षेत्र सलेम जिले के एडप्पाडी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। यह सीट लंबे समय से उनका गढ़ मानी जाती है और यहां से उनकी उम्मीदवारी को पार्टी के लिए सुरक्षित दांव माना जा रहा है। पलानीस्वामी के नेतृत्व में AIADMK इस बार राज्य में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का नेतृत्व कर रही है, जिससे चुनावी समीकरण और भी अहम हो गए हैं।
लिस्ट में कई वरिष्ठ नेता शामिल
पहली सूची में पार्टी ने अपने कई वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं को बरकरार रखा है। इनमें के.पी. मुनुसामी, दिंडीगुल सी. श्रीनिवासन और नथम आर. विश्वनाथन जैसे बड़े नाम शामिल हैं। इन नेताओं को उनके-अपने क्षेत्रों में मजबूत पकड़ के लिए जाना जाता है, और पार्टी को उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
प्रभावशाली चेहरों को दी गई प्रमुखता
इसके अलावा, पश्चिमी तमिलनाडु के प्रभावशाली चेहरों को भी प्रमुखता दी गई है। एस.पी. वेलुमणि को थोंडामुथुर और पी. थंगामणि को कुमारपालयम सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। ये दोनों नेता क्षेत्रीय स्तर पर मजबूत जनाधार रखते हैं और चुनावी रणनीति में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
लिस्ट के जरिए बड़ा संदेश देने की कोशिश
AIADMK की इस पहली सूची से यह साफ संकेत मिलता है कि पार्टी अनुभव और स्थानीय प्रभाव वाले उम्मीदवारों पर भरोसा कर रही है। आने वाले दिनों में अन्य दलों की सूची जारी होने के बाद राज्य की राजनीतिक तस्वीर और स्पष्ट होगी। फिलहाल, AIADMK ने अपने शुरुआती कदम से चुनावी मैदान में मजबूत उपस्थिति दर्ज करा दी है।
Writen By: Geeta Sharma