Bhooth Bangla OTT Release: अक्षय कुमार और तबू स्टारर हॉरर-कॉमेडी फिल्म 'भूत बंगला' इन दिनों दर्शकों के बीच छाया हुआ है। लंबे समय बाद अक्षय कुमार और निर्देशक प्रियदर्शन की जोड़ी एक साथ वापसी कर रही है। फिल्म में परेश रावल, राजपाल यादव, वामिका गब्बी और मिथिला पारकर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से मिला अच्छा रिस्पॉन्स
6 अप्रैल को रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर को दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। ट्रेलर में कॉमेडी और हॉरर का तड़का देखने को मिला, जिसने दर्शकों की उम्मीदें और बढ़ा दी हैं। यही वजह है कि लोग अब फिल्म की थिएटर रिलीज के साथ-साथ इसकी ओटीटी रिलीज को लेकर भी काफी उत्साहित हैं।
17 अप्रैल को होगी 'भूत बंगला' रिलीज
फिल्म की रिलीज डेट में हाल ही में बदलाव किया गया है। पहले 'भूत बंगला' 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन अब इसे एक हफ्ते आगे बढ़ाकर 17 अप्रैल 2026 कर दिया गया है। मेकर्स का कहना है कि यह फैसला इंडस्ट्री के हित और बेहतर बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। साथ ही, 16 अप्रैल को फिल्म के पेड प्रीव्यू भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे दर्शकों को पहले ही फिल्म देखने का मौका मिलेगा।
नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो सकती है 'भूत बंगला'
ओटीटी रिलीज की बात करें तो फिल्म के पोस्टर से संकेत मिलता है कि 'भूत बंगला' थिएटर रन पूरा करने के बाद नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो सकती है। हालांकि, मेकर्स ने अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की है। आमतौर पर फिल्में थिएटर रिलीज के 45 से 60 दिनों के भीतर ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आ जाती हैं। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि 'भूत बंगला' जून 2026 के आसपास डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हो सकती है।
बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएगी 'भूत बंगला'
फिल्म को एकता कपूर और शोभा कपूर की बालाजी मोशन पिक्चर्स के साथ अक्षय कुमार के प्रोडक्शन हाउस केप ऑफ गुड फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। स्क्रीनप्ले प्रियदर्शन, रोहन शंकर और अभिलाष नायर ने मिलकर लिखा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 'भूत बंगला' बॉक्स ऑफिस पर कितना धमाल मचाती है और क्या यह दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतर पाती है या नहीं।
Writen By: Geeta Sharma