शाहिद कपूर (Shahid Kapoor), कृति सेनन (Kriti Sanon) और रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) अभिनीत फिल्म कॉकटेल 2 (Cocktail 2) इस साल की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। निर्देशक होमी अदजानिया की इस रोमांटिक-कॉमेडी को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के गाने पहले ही दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुके हैं, जिसका असर इसकी एडवांस बुकिंग पर भी साफ नजर आ रहा है।

पहले दिन के लिए कैसा है बुकिंग ट्रेंड?

रिलीज से पहले ही 'कॉकटेल 2' बॉक्स ऑफिस पर मजबूत शुरुआत के संकेत दे रही है। शुरुआती दिनों में बुकिंग की रफ्तार धीमी थी, लेकिन अब टिकटों की बिक्री में तेजी आई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के पहले दिन के शो के लिए 60 हजार से अधिक टिकट बिक चुके हैं। ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 2डी फॉर्मेट में अब तक 69,183 टिकटों की बिक्री दर्ज की गई है। इससे फिल्म ने ब्लॉक सीटों को छोड़कर लगभग 2.41 करोड़ रुपये की एडवांस कमाई कर ली है। वहीं, ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर यह आंकड़ा बढ़कर 4.58 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है। बता दें कि फिल्म की रिलीज में अभी समय बाकी है, इसलिए अंतिम एडवांस बुकिंग आंकड़ों में और वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है।

2026 की टॉप प्री-सेल फिल्मों में शामिल

एडवांस बुकिंग के मौजूदा आंकड़ों के आधार पर 'कॉकटेल 2' ने 2026 की सबसे बड़ी प्री-सेल्स वाली फिल्मों की सूची में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। 4.58 करोड़ रुपये की प्री-सेल्स के साथ इसने 'भूत बंगला', 'ओ'रोमियो' और 'है जवानी तो इश्क़ होना है' जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ दिया है। फिलहाल इस सूची में 'धुरंधर 2' 53 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग के साथ शीर्ष पर बनी हुई है, जबकि 'बॉर्डर 2' 12.5 करोड़ रुपये के साथ दूसरे स्थान पर है।

फिल्म के बारे में

'कॉकटेल 2' 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है। इसे मैडॉक फिल्म्स और लव फिल्म्स के बैनर तले निर्मित किया गया है। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले तरुण जैन और लव रंजन ने तैयार किया है।

 

 

Written By Toshi Shah