आम आदमी पार्टी ने अपने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए उन्हें उपनेता पद से हटा दिया है। पार्टी ने उनकी जगह अशोक मित्तल को नया उपनेता नियुक्त किया है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को यह भी सूचित किया है कि चड्ढा को अब सदन में पार्टी की ओर से बोलने का मौका न दिया जाए।
आम जनता के लिए उठते थे सवाल
इस फैसले का असर केवल पद तक सीमित नहीं है, बल्कि अब राज्यसभा में राघव चड्ढा के बोलने के समय पर भी नियंत्रण रहेगा। सूत्रों के अनुसार, उन्हें मिलने वाले समय में कटौती की जा सकती है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब राघव चड्ढा हाल के दिनों में संसद में कई जनहित के मुद्दों को मुखरता से उठा रहे थे, उन्होंने हवाई अड्डों पर महंगी चाय जैसे छोटे लेकिन आम जनता से जुड़े मुद्दों से लेकर डिलीवरी कर्मचारियों की समस्याओं तक पर अपनी बात रखी थी।
जानिए इसके पीछे की वजह
पार्टी सूत्रों का कहना है कि चड्ढा पर यह कार्रवाई अचानक नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे अनुशासन से जुड़ी चिंताएं हैं। बताया जा रहा है कि वे कई बार पार्टी से चर्चा किए बिना ही संवेदनशील मुद्दों पर सदन में बोल रहे थे। इतना ही नहीं, वे किन विषयों पर बोलने वाले हैं, इसकी जानकारी भी पार्टी नेतृत्व को पहले से नहीं देते थे। इस रवैये को लेकर पार्टी ने उन्हें पहले चेतावनी भी दी थी।
Written By Toshi Shah