सनौर से हरमीत सिंह पठानमाजरा को आखिरकार पटियाला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रेप और धोखाधड़ी के आरोपों का सामना कर रहे यह विधायक सितंबर 2025 से फरार चल रहे थे। करीब सात महीने बाद पुलिस को उनका सुराग मिला और उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था

आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक पठानमाजरा के खिलाफ रेप, धोखाधड़ी और आपराधिक धमकी के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी। 2 सितंबर 2025 से वह लापता थे और अदालत उन्हें पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुकी थी, उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था।

क्या हैं आरोप

सितंबर 2025 में जीरकपुर की एक महिला ने सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप था कि विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताकर उससे संबंध बनाए और बाद में 2021 में शादी की, जबकि वह पहले से विवाहित थे। शिकायत में यह भी कहा गया कि विधायक ने महिला को अश्लील सामग्री भेजी, धमकाया और उसका शोषण किया। केस दर्ज होने के बाद से ही विधायक पठानमाजरा फरार बताए जा रहे थे।

विधायक की सफाई

नवंबर 2025 में पठानमाजरा ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि वह फरार नहीं हैं, बल्कि “फर्जी मुठभेड़” से बचने के लिए छिपे हुए हैं, उन्होंने आरोप लगाया था कि पुलिस ने उनकी कार पर गोलीबारी की थी, जिससे वह बाल-बाल बचे।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विधायक की तलाश में उनके घर और अन्य ठिकानों पर कई बार छापेमारी की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच विपक्षी दल लगातार सरकार और पुलिस पर गिरफ्तारी में देरी को लेकर सवाल उठाते रहे। अब आखिरकार पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया है और वह फिलहाल हिरासत में हैं।

  Written By Toshi Shah