महाराष्ट्र के पुणे से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां खुद को धार्मिक व्यक्ति बताने वाला एक स्वयंभू बाबा महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर उनका शोषण करता था। आरोपी की पहचान ऋषिकेश वैद्य के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने पिंपरी इलाके से गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार यह मामला तब सामने आया जब एक 35 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज की। पीड़िता ने बताया कि साल 2023 में उसकी पहचान सोशल मीडिया के जरिए आरोपी से हुई थी। पीड़िता ने बताया कि आरोपी खुद को शिव का अवतार बताय था और पीड़िता को पर्वती के रूप में पेश किया था। महिला ने कहा की इसी तरह आरोपी ने उसका विश्वास जीत लिया। विश्वास में लेने के बाद आरोपी ने महिला को पुणे के मांजरी इलाके के एक लॉज में बुलाया। जहां उसने कथित तौर पर महिला को नशीला पदार्थ दिया और उसके साथ रेप किया। घटना के बाद महिला को आरोपी की असलियत का पता चला, जिसके बाद उसने हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराई।
मामला दर्ज होने के बाद फरार हुआ आरोपी
जानकारी के मुताबिक पीड़िता महिला ने शुरुआत में वसई के माणिकपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था, जिसे बाद में पुणे के हडपसर पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर कर दिया गया। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस को जानकारी मिली की आरोपी पिंपरी इलाके में छिपा हुआ है। जिसके बाद स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आरोपी इसी तरह और भी महिलाओं को अपना शिकार बनाया है।
ब्लैकमेल करता था आरोपी
जानकारी के मुताबिक पुलिस का कहना है कि महाराष्ट्र के पालघर जिले के स्वयंभू बाबा को पुणे में पकड़ा गया है, उस पर आरोप है कि उसने 35 साल की एक महिला के साथ रेप किया था। महिला ने पुलिस से की गई शिकायत में कहा कि आरोपी पालघर में एक सामाजिक संस्था चलाता है। उसने घटना के समय तस्वीरें खींच ली थीं, उन तस्वीरों को लेकर वह ब्लैकमेल करने लगा था। वहीं वैद्य ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अपने ऊपर लगे आरोपों से इनकार किया है और दावा किया है कि उसके खिलाफ झूठा केस दर्ज किया गया है।
Written By Toshi Shah