बिहार दिवस के मौके पर पटना के गांधी मैदान में रविवार से तीन दिवसीय बिहार दिवस समारोह की शुरुआत हो रही है। इस अवसर पर पूरा परिसर शिक्षा, कला, संस्कृति और नवाचार से जुड़े भव्य आयोजनों से जीवंत नजर आएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शाम 5:30 बजे मुख्य मंच से कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा मंत्री सुनील कुमार करेंगे।
24 मार्च तक चलेंगे समारोह
समारोह की तैयारियों को लेकर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र ने अपनी टीम के साथ शनिवार को गांधी मैदान का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की तैनाती की गई है ताकि व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। 24 मार्च तक चलने वाले इस आयोजन में अलग-अलग विभागों द्वारा स्टॉल और पंडाल लगाए गए हैं, जहां सरकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों को दी जाएगी।
‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ है थीम
इस वर्ष बिहार दिवस ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ थीम पर आधारित है, जिसके माध्यम से राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी परंपराओं और जड़ों से जोड़ना है।
जानिए बिहार का इतिहास
आज बिहार के गठन का 114 साल पूरे हो गए हैं। बता दें कि 22 मार्च 1912 का दिन बिहार वासियों के लिए खास मायने रखता है। ये वो दिन था जब बिहार को बंगाल से अलग कर एक स्वतंत्र राज्य बनाया गया था। आज का दिन सिर्फ एक राज्य के गठन का नहीं, बल्कि उस यात्रा की शुरुआत थी, जो संविधान सभा के अस्थायी अध्यक्ष सच्चिदानंद सिन्हा के प्रयासों से पुष्पित और पल्लवित हुआ था। सच्चिदानंद सिन्हा उन दिनों बंगाल लेजिसलेटिव काउंसिल के सदस्य हुआ करते थे।
Written By Toshi Shah