गर्मियां शुरू होते ही लोग अपनी डाइट में बदलाव करने लगते हैं, क्योंकि इस मौसम में शरीर को ठंडा रखना बहुत जरूरी होता है। ऐसे में लोग ऐसी चीजें खोजते हैं जो ठंडक देने के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद हों। भारतीय रसोई में कई मसाले मौजूद हैं जिनकी तासीर ठंडी मानी जाती है। ये मसाले खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ शरीर का तापमान संतुलित रखने में भी मदद करते हैं। सौंफ, धनिया और जीरा जैसे मसाले पाचन सुधारने, शरीर को हाइड्रेट रखने और गर्मी के असर को कम करने में सहायक होते हैं। सही तरीके से सेवन करने पर ये मसाले बिना ज्यादा खर्च के शरीर को अंदर से ठंडक दे सकते हैं। आइए जानते हैं ऐसे 5 मसालों के बारे में, जिन्हें गर्मियों में डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।

ड्राई पुदीना पाउडर (Dry Mint Leaves Powder)

न्यूट्रिशनिस्ट किरण कुरकरेजा के अनुसार, ड्राई पुदीना पाउडर गर्मियों में शरीर को ठंडक देने के लिए बेहद फायदेमंद है। इसमें मेंथॉल, एंटीऑक्सीडेंट्स, आयरन और विटामिन A पाए जाते हैं, जो पाचन बेहतर बनाते हैं और शरीर की गर्मी कम करने में मदद करते हैं। यह पेट की जलन, गैस और उल्टी जैसी दिक्कतों में भी राहत देता है। इसे छाछ, नींबू पानी, दही, सलाद या रायता में मिलाकर खाया जा सकता है।

सूखी धनिया (Dry Coriander)

धनिया के बीज गर्मियों में शरीर को ठंडा रखने के लिए अच्छे माने जाते हैं। इनमें विटामिन C, फाइबर, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो पाचन सुधारने और डिहाइड्रेशन से बचाने में मदद करते हैं। इसके लिए धनिया बीज रातभर पानी में भिगोकर सुबह उसका पानी पी सकते हैं या इसका काढ़ा बनाकर सेवन कर सकते हैं।

इलायची (Cardamom)

इलायची शरीर को ठंडक और ताजगी देने का काम करती है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स, पोटैशियम और मैग्नीशियम पाए जाते हैं, जो शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करते हैं। गर्मियों में इलायची को पानी या दूध में उबालकर पी सकते हैं। इसे शरबत, चाय या अन्य पेयों में मिलाकर भी लिया जा सकता है। इससे मुंह की बदबू दूर होती है और शरीर तरोताजा रहता है।

जीरा (Cumin Seeds)

जीरा खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ शरीर का तापमान संतुलित रखने में भी मदद करता है। इसमें आयरन, मैग्नीशियम, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं, जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं। गर्मियों में जीरे का उबला और ठंडा किया हुआ पानी पीना फायदेमंद माना जाता है। इसे छाछ या दही में मिलाकर भी लिया जा सकता है।

Written By - Namita Verma