नई दिल्ली: भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे विवाद के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा है कि, कांग्रेस को हार का सामना करने पर लोगों के जनादेश का अपमान करना एक "पुरानी आदत" है और यह "कांग्रेस पार्टी के DNA" में गहराई से समाया हुआ है।
जनादेश का अपमान करना कांग्रेस की पुरानी आदत
भाजपा के केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए अपने सोशल मीडिया X पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में दावा किया कि कांग्रेस ने लगातार पोल वॉचडॉग को बदनाम करने एवं संवैधानिक प्रक्रियाओं पर सवाल उठाने की कोशिश की है। जब भी चुनाव के नतीजे उनके पक्ष में नहीं आते तब वे ऐसा ही करते हैं। हारने पर लोगों के जनादेश का अपमान करना कांग्रेस की पुरानी आदत है।
संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करना कांग्रेस के DNA में
भारत का लोकतंत्र दुनिया में सबसे मजबूत है और विश्व के लिए मिसाल है। लेकिन लोकतंत्र का अपमान करना, संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करना, चुनाव हारने पर इलेक्शन कमीशन को बदनाम करना और जनता के जनादेश का अपमान करना - यह कांग्रेस के DNA में है।"
राहुल गांधी के कहने पर खड़गे ने PM के खिलाफ टिप्पणी की
शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि, राहुल गांधी के कहने पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने यह बात कही है। यह लोकतंत्र और जनता के आदेश का अपमान है। यह संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने, डेमोक्रेसी के प्रति अविश्वास पैदा करने और पूरे देश में अराजकता फैलाने की कोशिश है।
कांग्रेस काम भारत को चुनावी गड़बड़ी वाले दौर में वापस ले जाना
चौहान ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि, विपक्ष इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को छोड़कर बैलेट पेपर इस्तेमाल करने की मांग कर रही है, क्योंकि कांग्रेस भारत को चुनावी गड़बड़ी वाले दौर में वापस ले जाना चाहती है। उन्होंने पूछा कि, कांग्रेस इस देश को कहाँ ले जाना चाहती है? उन्होंने कहा कि, कांग्रेस की यह कैसी बात कर रही है। अगर कांग्रेस चुनाव जीतती है, तो इलेक्शन कमीशन ठीक है, लेकिन अगर वे हारते हैं, तो इलेक्शन कमीशन में कमी है। आखिर वे कर्नाटक, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में कैसे जीते?
ये भी पढ़ें-केरल के मंत्री रमेश चेन्निथला ने 2006 केस में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जांच के दिए आदेश