नई दिल्ली: टाटा ग्रुप की एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया एक्सप्रेस को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मिल गया है। कंपनी ने अपने मौजूदा चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) दीपक राजावत को यह जिम्मेदारी सौंपी है। वह 1 दिसंबर 2026 से नए पद का कार्यभार संभालेंगे। एयरलाइन के बोर्ड ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।
इस नियुक्ति के साथ करीब आठ महीने से खाली पड़े CEO के पद पर स्थायी नेतृत्व मिल गया है। इससे पहले 19 मार्च को आलोक सिंह ने इस पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके जाने के बाद से कंपनी में नए प्रमुख को लेकर अटकलें चल रही थीं।
विस्तारा से शुरू हुआ एयरलाइन का सफर
दीपक राजावत को एविएशन और फाइनेंस सेक्टर में दो दशक से ज्यादा का अनुभव है। एयर इंडिया एक्सप्रेस से पहले वह विस्तारा एयरलाइन के साथ जुड़े रहे। विस्तारा की शुरुआत से ही उन्होंने कंपनी में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं। अपने शुरुआती कार्यकाल में उन्होंने कॉरपोरेट प्लानिंग, विमान खरीद और फाइनेंस से जुड़े काम संभाले। इसके बाद उन्हें चीफ कमर्शियल ऑफिसर बनाया गया। इस भूमिका में उनका दायरा काफी बड़ा था। उन्होंने रेवेन्यू मैनेजमेंट, नेटवर्क प्लानिंग, सेल्स, डिस्ट्रीब्यूशन, पार्टनरशिप, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, इनफ्लाइट सर्विसेज, मार्केटिंग और कस्टमर एक्सपीरियंस जैसे विभागों की जिम्मेदारी संभाली। एयर इंडिया एक्सप्रेस के मुताबिक, राजावत के कार्यकाल में विस्तारा ने घरेलू विमानन बाजार में दूसरी सबसे बड़ी एयरलाइन के रूप में जगह बनाई। स्काईट्रैक्स की रैंकिंग में भी कंपनी को पहचान मिली। विस्तारा 2023 में दुनिया की शीर्ष 20 एयरलाइंस में 20वें और 2024 में 16वें स्थान पर रही।
एयर इंडिया ग्रुप में एकीकरण का भी रहा अनुभव
राजावत ने विस्तारा के विस्तार के साथ एयर इंडिया ग्रुप में उसके एकीकरण की प्रक्रिया में भी अहम भूमिका निभाई। कंपनी का मानना है कि इस अनुभव से उन्हें एयर इंडिया एक्सप्रेस की व्यावसायिक जरूरतों और समूह की कार्यप्रणाली को समझने में मदद मिलेगी। दरअसल, इससे पहले यह चर्चा थी कि खर्चों को नियंत्रित करने के लिए एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के लिए अलग-अलग CEO रखने के बजाय एक ही अधिकारी को दोनों कंपनियों की जिम्मेदारी दी जा सकती है। इस बीच टेवोल्डे गेब्रेमरियम ने 1 अक्टूबर को एयर इंडिया के CEO और मैनेजिंग डायरेक्टर का पद संभाला था। ऐसे में यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि उन्हें एयर इंडिया एक्सप्रेस की कमान भी दी जा सकती है। लेकिन अब कंपनी ने दीपक राजावत की नियुक्ति कर इस पद को अलग नेतृत्व दिया है।
रोजाना 585 उड़ानें संचालित करती है कंपनी
एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने राजावत की नियुक्ति पर कहा कि उनके पास वित्तीय विशेषज्ञता और कमर्शियल कामकाज का अनुभव है। साथ ही उन्हें टाटा ग्रुप के एविएशन कारोबार की अच्छी समझ है। कंपनी के मौजूदा परिचालन का दायरा भी काफी बड़ा है। एयर इंडिया एक्सप्रेस रोजाना करीब 585 उड़ानें संचालित करती है। इसका नेटवर्क 48 घरेलू और 15 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक फैला हुआ है। एयरलाइन के बेड़े में बोइंग 737 और एयरबस A320 फैमिली के कुल 108 विमान शामिल हैं। ऐसे में नए CEO के सामने एयरलाइन के संचालन, नेटवर्क विस्तार, कमर्शियल प्रदर्शन और ग्राहक सेवाओं को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी। अब देखना होगा कि दीपक राजावत अपने पुराने अनुभव के आधार पर कंपनी की आगे की रणनीति को किस दिशा में लेकर जाते हैं।
यह भी पढ़ें: PM मोदी के फिलीपींस दौरे से बढ़ेंगे व्यापारिक रिश्ते, टेक्नोलॉजी को मिलेगा बढ़ावा