मानसून की विदाई के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 4 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश समेत 14 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर के आसपास बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण का असर कई राज्यों के मौसम पर पड़ सकता है। केरल तट के पास दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और सिक्किम के आसपास ऊपरी हवा में परिसंचरण सक्रिय है। इसके कारण पूर्वी और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है।
14 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
आज उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु और केरल में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। खराब मौसम के कारण उत्तर और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश का मौसम
दिल्ली में आज बारिश के साथ तेज हवा चलने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, गोरखपुर, आगरा, मथुरा, कानपुर, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, सीतापुर, बलरामपुर, संतकबीर नगर, मऊ, प्रयागराज, महाराजगंज और कुशीनगर में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार और झारखंड में भी बारिश-आंधी
बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सिवान, सारण, गया, पटना, गोपालगंज, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, किशनगंज, सुपौल, सहरसा, बेगूसराय और भागलपुर में बारिश और आंधी का अलर्ट है। हवा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है।
झारखंड के रांची, जमशेदपुर, चतरा, देवघर, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, पूर्वी सिंहभूम, गोड्डा, पश्चिमी सिंहभूम और पलामू में 4 से 5 अक्टूबर के दौरान बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। रांची में तापमान 29 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
उत्तराखंड के नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऋषिकेश में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है। देहरादून में अधिकतम तापमान 29 और न्यूनतम 20 डिग्री रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, सोलन, चंबा, हमीरपुर और बिलासपुर में मध्यम बारिश के साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा चल सकती है। मनाली में अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
जम्मू-कश्मीर के जम्मू, पुंछ, अनंतनाग, रियासी, बारामूला, कुपवाड़ा और किश्तवाड़ समेत कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 14 डिग्री रह सकता है।
ये भी पढ़ें- BJP ने UP में जारी की नई मीडिया टीम की लिस्ट, 31 नेताओं को बनाया प्रदेश प्रवक्ता
पश्चिम बंगाल, पंजाब और राजस्थान में भी असर
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में 4 और 5 अक्टूबर को बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पंजाब के संगरूर, होशियारपुर, चंडीगढ़, लुधियाना, गुरदासपुर, बठिंडा, बरनाला और फरीदकोट में बारिश और तेज हवा का अनुमान है। राजस्थान के भरतपुर, टोंक, पाली, बाड़मेर, कोटा, सवाई माधोपुर, चूरू, धौलपुर, जयपुर, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ में भी बारिश के साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवा चल सकती है।
मध्य प्रदेश के कई जिलों में 4 अक्टूबर को बारिश और आंधी का येलो अलर्ट है। रतलाम, मंदसौर, नीमच, राजगढ़, सिवनी, अनूपपुर, दमोह, विदिशा, खरगोन, बैतूल, मंडला, शहडोल, खंडवा, नरसिंहपुर, देवास, हरदा और इंदौर में मौसम खराब रह सकता है। भोपाल में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने खराब मौसम को देखते हुए किसानों और आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहना बेहतर होगा। वहीं, समुद्र में जाने वाले मछुआरों को भी मौसम साफ होने तक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।