Punjab Congress Chief: कांग्रेस ने पंजाब में पार्टी संगठन के नेतृत्व में बदलाव करते हुए परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह ली है। पार्टी की ओर से जारी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
परगट सिंह जालंधर कैंट से कांग्रेस विधायक हैं और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान भी रह चुके हैं। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हुई है जब पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं।
सचिन पायलट ने दी बधाई
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने परगट सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में उम्मीद जताई कि परगट सिंह के नेतृत्व में पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगी।पायलट ने कहा कि परगट सिंह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के विचारों और संदेश को जनता तक पूरी निष्ठा के साथ पहुंचाएंगे।उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में संगठन को और मजबूत करने की जरूरत है और पार्टी को जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना चाहिए।
राजा वड़िंग को भी दिया धन्यवाद
सचिन पायलट ने अपने संदेश में पूर्व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग के कार्यकाल का भी जिक्र किया। उन्होंने पार्टी और संगठन को मजबूत करने में वड़िंग के योगदान के लिए उनका आभार जताया।राजा वड़िंग ने भी परगट सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर परगट सिंह के लिए शुभकामनाएं दीं।वड़िंग ने शुक्रवार को ही पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात के बाद अपना इस्तीफा सौंपा। इसके बाद कांग्रेस ने परगट सिंह की नियुक्ति का ऐलान किया।
वड़िंग ने सचिन पायलट को लेकर क्या कहा?
इस्तीफा देने के बाद राजा वड़िंग ने अपने पद से हटाए जाने के घटनाक्रम को लेकर सचिन पायलट का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब पायलट को पंजाब का प्रभारी बनाया गया था, तब उन्होंने उनसे मुलाकात कर करीब 15 मिनट बातचीत की थी, लेकिन उसके बाद उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई।वड़िंग ने कहा कि उन्हें लगता है कि शायद सचिन पायलट ने यह तय किया हो कि अब उन्हें पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाने का समय आ गया है। हालांकि, उन्होंने साथ ही साफ कहा कि उनके पास इसका कोई ठोस सबूत नहीं है।वड़िंग ने यह भी कहा कि उन्होंने पंजाब से जुड़े अपने विचार राहुल गांधी के सामने रख दिए हैं।
चुनाव से पहले बदला गया प्रदेश अध्यक्ष
पंजाब कांग्रेस में यह बदलाव 2027 विधानसभा चुनाव से पहले हुआ है। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया है कि पंजाब में चुनाव से जुड़े विभिन्न कमेटियों के कार्यकारी अध्यक्ष, चेयरमैन और को-चेयरमैन अपने पदों पर पहले की तरह काम करते रहेंगे।अब परगट सिंह के सामने पंजाब कांग्रेस के संगठन को संभालने और आगामी चुनाव के लिए पार्टी की तैयारियों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होगी।