नई दिल्ली: जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव शुक्रवार को संपन्न हो गया। इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित इस महोत्सव में देशभर के साहित्यकारों, शोधकर्ताओं, कवियों और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में 27 जनजातीय भाषाओं का प्रतिनिधित्व हुआ। इस दौरान जनजातीय साहित्य, मौखिक परंपराओं, भाषाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की गई। समापन समारोह में मंत्रालय ने जनजातीय लेखकों की पुस्तकों को राष्ट्रीय पुस्तक मेले में विशेष मंच देने और पारंपरिक जनजातीय संगीत के कॉपीराइट संरक्षण के लिए नई पहल की घोषणा की।

जनजातीय लेखकों को राष्ट्रीय पुस्तक मेले में मिलेगा विशेष मंच

समापन समारोह में जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा ने कहा कि जनजातीय भाषाओं और साहित्य को जीवित रखने के लिए केवल आयोजन करना पर्याप्त नहीं है। जरूरी है कि इन भाषाओं में लिखी गई पुस्तकों को पाठकों तक पहुंचाया जाए और जनजातीय लेखकों को प्रोत्साहित किया जाए।

उन्होंने बताया कि महोत्सव में 27 जनजातीय भाषाओं का प्रतिनिधित्व हुआ। यह देश की भाषाई विविधता और साहित्यिक अभिव्यक्ति की साझा संवेदना को दर्शाता है।

रंजना चोपड़ा ने कहा कि व्यक्ति अपनी मातृभाषा में भावनाओं और रचनात्मक विचारों को सबसे प्रभावशाली ढंग से व्यक्त कर सकता है। इसलिए जनजातीय भाषाओं का संरक्षण केवल भाषाई विविधता बचाने का प्रयास नहीं, बल्कि समुदायों की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक ज्ञान को सुरक्षित रखने का माध्यम भी है।

उन्होंने घोषणा की कि राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (NBT) की ओर से प्रगति मैदान में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पुस्तक मेले में जनजातीय साहित्य के लिए विशेष स्टॉल अथवा अलग खंड स्थापित किया जाएगा। इसके लिए जनजातीय लेखकों और प्रकाशकों से उनकी पुस्तकों का विवरण मांगा जाएगा, ताकि उनकी रचनाओं को व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचाया जा सके।

जनजातीय संगीत के कॉपीराइट संरक्षण के लिए 'लिविंग रूट्स ओरिजिनल्स' पहल

महोत्सव के दौरान जनजातीय संगीत और पारंपरिक धुनों के संरक्षण को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की गई। सचिव रंजना चोपड़ा ने बताया कि इंडियन परफॉर्मिंग राइट सोसाइटी (IPRS) के सहयोग से मंत्रालय ने जनजातीय समुदायों के संगीतकारों, गायकों और गीतकारों के संरक्षण तथा कॉपीराइट अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए 'लिविंग रूट्स ओरिजिनल्स' नाम से अपना संगीत लेबल बनाया है।

इस पहल का उद्देश्य जनजातीय संगीत और पारंपरिक रचनाओं को पहचान दिलाने के साथ उनके रचनाकारों के अधिकारों की सुरक्षा करना है।

27 भाषाओं के 32 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

साहित्य अकादेमी के पूर्व सचिव के. श्रीनिवास राव ने महोत्सव के निष्कर्ष प्रस्तुत करते हुए बताया कि दो दिवसीय आयोजन में 27 भाषाओं के 32 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें 23 विशुद्ध जनजातीय भाषाएं थीं।

उन्होंने कहा कि मौखिक परंपराएं जनजातीय समुदायों की पहचान, इतिहास, प्रकृति से उनके संबंध, सामाजिक मूल्यों और सामूहिक स्मृति की वाहक हैं। इन्हें केवल अतीत की धरोहर मानना उचित नहीं है। समकालीन जनजातीय साहित्य विस्थापन, वन और जमीन, सामाजिक न्याय, लैंगिक समानता, पर्यावरण तथा आधुनिकता जैसी चुनौतियों को भी अभिव्यक्त कर रहा है।

उन्होंने कहा कि मौखिक और लिखित साहित्य एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। जनजातीय साहित्य को भारतीय साहित्य का अभिन्न हिस्सा मानते हुए विश्वविद्यालयों के पाठ्यक्रमों, शोध कार्यक्रमों, अनुवाद परियोजनाओं और प्रकाशन के प्रमुख मंचों पर उचित स्थान दिया जाना चाहिए।

इसके साथ ही संकटग्रस्त मौखिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण और डिजिटलीकरण करने तथा युवा पीढ़ी को अपनी मातृभाषा में लेखन के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है।

मौखिक महाकाव्यों और वीर परंपराओं पर हुई चर्चा

महोत्सव के दूसरे दिन पहले सत्र में 'मौखिक महाकाव्य और वीर परंपराएं : जनजातीय समुदायों की महाकाव्य कल्पना' विषय पर चर्चा हुई। इसमें गुजरात, राजस्थान और मणिपुर के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।

प्रकाश झा के संचालन में आयोजित इस सत्र में लोक साहित्यकार एवं शोधकर्ता भगवान दास पटेल, कवि एवं अनुवादक उपेंद्र अणु तथा लोक साहित्य विशेषज्ञ मयांगलाम्बम सदानंद सिंह ने जनजातीय महाकाव्य परंपराओं के विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे।

भगवान दास पटेल ने भील समुदाय की मौखिक परंपराओं पर अपने चार दशक से अधिक के शोध अनुभव साझा किए। उन्होंने 'भीलों नो भारत' और 'गुजरों नो अरेलो' जैसी कृतियों का उल्लेख करते हुए बताया कि करीब दस वर्षों तक एक हजार ऑडियो कैसेट के माध्यम से लोक साहित्य, आख्यानों, मंत्रों और महाकाव्यों का दस्तावेजीकरण किया गया।

उन्होंने कहा कि इन महाकाव्यों में जीवन मूल्यों, गुरु के प्रति सम्मान, अहंकार के त्याग और स्त्री की प्रतिष्ठा जैसे महत्वपूर्ण संदेश समाहित हैं।

उपेंद्र अणु ने गोंडवाणी, गोंड रामायण, लिंगा भारत, भीमा सिद्धि और भील महाभारत जैसी परंपराओं की चर्चा की। वहीं मयांगलाम्बम सदानंद सिंह ने मणिपुर की 'वारी लीबा' कथावाचन परंपरा और 'खंबा थोइबी' महाकाव्य के साथ असम के कार्बी समुदाय की 'सबिन अलुन' रामायण तथा उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र के पांडव नृत्य की जानकारी दी।

बहुभाषी शिक्षा में मौखिक परंपराओं की भूमिका पर मंथन

दूसरे सत्र में 'बहुभाषी शिक्षा में मौखिक परंपरा : भाषा, साक्षरता और बहुभाषावाद' विषय पर चर्चा हुई। के. श्रीनिवास राव के संचालन में आयोजित सत्र में अनिल कुमार बोरो, सिल्वेनस लामरे और पार्वती तिर्की ने बोडो, खासी और कुड़ुख भाषाओं के संदर्भ में मौखिक परंपराओं तथा आधुनिक शिक्षा के बीच समन्वय पर विचार रखे।

वक्ताओं ने कहा कि मातृभाषा के माध्यम से बच्चों को नैतिक शिक्षा और सामुदायिक ज्ञान से जोड़ा जा सकता है। इसके साथ ही जनजातीय भाषाओं के संरक्षण और प्रसार के लिए डिजिटल तकनीक का भी विवेकपूर्ण उपयोग किया जाना चाहिए।

युवा जनजातीय लेखकों ने अपनी भाषाओं में सुनाईं कहानियां

महोत्सव के तीसरे सत्र में विभिन्न जनजातीय भाषाओं के युवा लेखकों ने अपनी कहानियां प्रस्तुत कीं। महादेव टोप्पो के समन्वय में आयोजित कहानी पाठ सत्र में नीता कुसुम बिलुंग ने खड़िया, रमेश कार्तिक नायक ने बंजारा और वसंत कुमार वी.पी. ने कन्नड़ भाषा में अपनी रचनाएं सुनाईं।

महादेव टोप्पो ने लोककथा प्रस्तुत करते हुए कहा कि युवा लेखकों की कहानियों में समुदायों का दर्द, बदलते लोकाचार और नई उम्मीदें दिखाई देती हैं। ये रचनाएं पुरानी और नई परंपराओं के बीच संवाद स्थापित करती हैं।

विभिन्न जनजातीय भाषाओं में हुआ कविता पाठ

महोत्सव के अंतिम सत्र में जोगमाया चकमा के संचालन में कविता पाठ आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न जनजातीय भाषाओं के कवियों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं।

इस सत्र में के. वासमल्ली, क्राइरी मोग चौधरी, बाबू संगदा, हिरजिर इंगती कथारपी, गोपी कृष्ण सोनी, मरीना एक्का, सुधा चौहान और अंजली बेलागल ने अपनी-अपनी भाषाओं में कविताएं सुनाईं।

दोनों दिन महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रोता उपस्थित रहे। साहित्यकारों और विशेषज्ञों के विचार-विमर्श के साथ युवा लेखकों और कवियों की प्रस्तुतियों ने जनजातीय भाषाओं तथा साहित्य की विविधता को सामने रखा।

सामूहिक प्रयासों से सफल हुआ महोत्सव

समापन समारोह के अंत में जनजातीय कार्य मंत्रालय के उप सचिव गणेश नागराजन ने धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा के नेतृत्व और डॉ. के. श्रीनिवास राव के मार्गदर्शन की सराहना की।

उन्होंने महोत्सव में शामिल सभी विद्वानों, सत्र संचालकों, लेखकों, कवियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

महोत्सव में हुई चर्चाओं और घोषणाओं के जरिए जनजातीय भाषाओं, साहित्य, मौखिक परंपराओं और संगीत को व्यापक पहचान दिलाने के साथ उनके संरक्षण की दिशा में नए प्रयासों पर जोर दिया गया।

यह भी पढ़ें: जनजातीय भाषाओं और बोलियों के संरक्षण के लिए बनेगी विशेष व्यवस्था, लेखकों को मिलेंगे विशेष पुरस्कार: जुएल ओराम