नई दिल्ली: देश की जनजातीय भाषाओं, बोलियों और समृद्ध मौखिक परंपराओं को संरक्षित करने के लिए केंद्र सरकार विशेष व्यवस्था करने की दिशा में काम करेगी। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि जनजातीय भाषाओं के संरक्षण के लिए साहित्य, लोकगीतों, लोककथाओं और मौखिक परंपराओं का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण जरूरी है। इसके लिए साहित्यकारों के साथ गीतकारों, संगीतकारों, लोक कलाकारों और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को भी जोड़ना होगा। उन्होंने जनजातीय भाषाओं में लेखन करने वाले साहित्यकारों के लिए विशेष पुरस्कार शुरू करने की बात भी कही।
वह गुरुवार को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित इस महोत्सव का यह दूसरा संस्करण है। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, राज्य मंत्री दुर्गादास उइके, नीति आयोग की सदस्य जोराम आन्या, पद्मश्री चामू कृष्ण शास्त्री और मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए जनजातीय साहित्यकार, लेखक, शोधकर्ता और भाषा विशेषज्ञ मौजूद रहे।
लिपि नहीं तो भी नहीं रुकेगा भाषाओं का संरक्षण: जुएल ओराम
केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम ने कहा कि देश की कई जनजातीय भाषाओं की अपनी लिपि नहीं है, जबकि कुछ बोलियां विलुप्त होने के कगार पर हैं। ऐसे में लिपि का अभाव इनके संरक्षण में बाधा नहीं बनना चाहिए। उपलब्ध भारतीय भाषाओं के माध्यम से भी जनजातीय समुदायों की मौखिक परंपराओं, गीतों और कहानियों को दर्ज किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि जनजातीय भाषाएं केवल संवाद का माध्यम नहीं हैं, बल्कि उनमें समुदायों का इतिहास, संस्कृति, परंपरागत ज्ञान और जीवन दर्शन भी समाहित है। इसलिए इनके संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने लेखकों और रचनाकारों से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
लोककथाओं और जनजातीय नायकों को साहित्य में मिले जगह: दुर्गादास उइके
केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि जनजातीय समाज की मौखिक परंपराओं में लोककथाएं, लोकगीत, वीरगाथाएं, मिथक, कहावतें, पहेलियां, धार्मिक अनुष्ठान और प्रार्थनाएं शामिल हैं। ये परंपराएं जनजातीय समाज की पहचान और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा कि इन परंपराओं को संरक्षित करने के साथ जनजातीय नायकों, स्वतंत्रता सेनानियों और उनके संघर्षों को भी साहित्य के माध्यम से व्यापक समाज के सामने लाना चाहिए।
'भारत की भाषाई विविधता ही उसकी एकता की ताकत'
पद्मश्री सम्मानित चामू कृष्ण शास्त्री ने कहा कि भारत की भाषाई विविधता ही उसकी एकता की सबसे बड़ी ताकत है। वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने देश में मौजूद मातृभाषाओं और बोलियों की व्यापक विविधता की ओर ध्यान दिलाया।
उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा का विकास तभी संभव है, जब उसका इस्तेमाल बोलचाल, साहित्य, शिक्षा और तकनीक में हो। लेखकों को भाषाओं को समृद्ध बनाने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत में भाषा विवाद की अवधारणा ऐतिहासिक रूप से अंग्रेजों की देन रही है।
AI और डिजिटल तकनीक से संरक्षित होगा जनजातीय ज्ञान
नीति आयोग की सदस्य जोराम आन्या ने कहा कि जनजातीय साहित्य का बड़ा हिस्सा लोकगीतों, लोरियों और कहानियों के रूप में पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ता रहा है। अब जनजातीय समाज के लोग स्वयं अपने इतिहास और अनुभवों को लिख रहे हैं, जो एक महत्वपूर्ण बदलाव है।
उन्होंने कहा कि बुजुर्गों के पास मौजूद मौखिक ज्ञान को विलुप्त होने से पहले ऑडियो-वीडियो माध्यमों और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) जैसी आधुनिक तकनीकों की मदद से दर्ज किया जाना चाहिए।
उन्होंने अनुवाद के दौरान मूल भाषा के भाव, सांस्कृतिक संदर्भ और समुदाय की विशिष्ट पहचान को बनाए रखने पर भी जोर दिया। जोराम आन्या ने कहा कि बिरसा मुंडा की चेतना और उनके विचारों को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी की है।
800 से अधिक जनजातीय समुदायों की विरासत को बचाना जरूरी: रंजना चोपड़ा
जनजातीय कार्य मंत्रालय की सचिव रंजना चोपड़ा ने कहा कि देश के 800 से अधिक जनजातीय समुदायों की भाषाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण बेहद महत्वपूर्ण है। मौखिक परंपराओं के लुप्त होने से पहले उनका व्यवस्थित दस्तावेजीकरण किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह महोत्सव जनजातीय लेखकों और प्रकाशकों को एक साझा मंच प्रदान कर रहा है। इसके जरिए वरिष्ठ और युवा साहित्यकारों के बीच संवाद और विचारों के आदान-प्रदान का अवसर भी मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य जनजातीय विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे सुरक्षित रखना है।
युवा जनजातीय लेखकों को बनना होगा ज्ञान और समाज के बीच सेतु
मंत्रालय के संयुक्त सचिव अनंत प्रकाश पांडेय ने स्वागत वक्तव्य में कहा कि जनजातीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना जरूरी है। इसके लिए नए और युवा जनजातीय लेखकों को एक सेतु की भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से जनजातीय विरासत को वर्तमान समाज के सामने लाया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी और व्यापक समाज इन परंपराओं के साथ सहज रूप से जुड़ सकेंगे।
पहले सत्र में मौखिक परंपराओं से आधुनिक साहित्य तक पर चर्चा
महोत्सव का पहला सत्र 'जनजातीय साहित्य: सामुदायिक स्मृति से समकालीन अभिव्यक्ति तक' विषय पर आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता अनिल कुमार बोरो ने की।
इस सत्र में जनजातीय साहित्य की मौखिक परंपराओं, सामुदायिक ज्ञान प्रणालियों, सांस्कृतिक स्मृति, प्रदर्शन कलाओं और समकालीन साहित्यिक रचनात्मकता के बीच संबंधों पर चर्चा हुई। इसमें के. वासमल्ली ने टोड समुदाय, दमयंती बेसरा ने संताली साहित्य और धर्मेंद्र पारे ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
अलग-अलग जनजातीय भाषाओं में कवियों ने सुनाईं कविताएं
दूसरे सत्र में विभिन्न जनजातीय भाषाओं के कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। इस सत्र का समन्वय कांजी पटेल ने किया।
इसमें यशोदा मुर्मू ने संताली, जोमिर जिनी ने गालो, स्नेहलता नेगी ने किन्नौरी और पार्वती तिर्की ने कुड़ुख भाषा में अपनी कविताएं प्रस्तुत कीं। इस सत्र के माध्यम से देश की अलग-अलग जनजातीय भाषाओं की साहित्यिक अभिव्यक्ति और रचनात्मक विविधता सामने आई।
लोकगीत, मिथक और कहानियों पर हुआ विशेष सत्र
महोत्सव के अंतिम सत्र का विषय 'जनजातीय लोककथाएं: गीत, मिथक, कहानियां, कहावतें और मौखिक कथाएं' रहा। इसका समन्वय सिल्वेनस लामेट ने किया। सत्र में लिसा लोमडक, अनुज मोहन प्रधान और स्वाति आनंद ने अपने विचार रखे।
इस दौरान जनजातीय मौखिक परंपराओं के विभिन्न स्वरूपों पर चर्चा की गई। इनमें लोकगीत, अनुष्ठानिक गीत, मिथक, किंवदंतियां, लोककथाएं, कहावतें, पहेलियां, बच्चों से जुड़ी परंपराएं, मौसमी कथाएं और महिलाओं की मौखिक परंपराएं शामिल रहीं।
दो दिवसीय राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य महोत्सव का उद्देश्य देश की जनजातीय भाषाओं, साहित्य और पारंपरिक ज्ञान को व्यापक पहचान दिलाना तथा इनके संरक्षण के लिए लेखकों, शोधकर्ताओं, कलाकारों और नई पीढ़ी को एक मंच पर जोड़ना है।
यह भी पढ़ें: भारत की मजबूत इकोनॉमी बनी विदेशी निवेश का आकर्षण: PMO अधिकारी PK मिश्रा