Jaipur Trailer Accident: राजस्थान की राजधानी जयपुर में शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क पर जमकर तबाही मचाई। 200 फीट बाईपास पर अचानक अनियंत्रित हुआ भारी ट्रेलर कई वाहनों को टक्कर मारते हुए सर्विस लेन में जा घुसा। इस भीषण हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों में ट्रेलर चालक भी शामिल है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के मुताबिक, अजमेर की ओर जा रहा ट्रेलर विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र (VKI) में लोहमंडी के पास अचानक बेकाबू हो गया। पहले उसने आगे चल रही एक कार को टक्कर मारी और फिर बाईपास से फिसलकर सर्विस लेन में उतर गया। यहां उसने एक राहगीर और दूसरे वाहन को भी अपनी चपेट में ले लिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार, स्कूटर और दुकान को भी पहुंचाया नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक खड़ी कार, स्कूटर और सड़क किनारे लगे खंभे को टक्कर मारी। इसके बाद वह एक पिलर और दुकान से टकराकर रुका। हादसे की भयावहता देखकर आसपास मौजूद लोग सहम गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस इलाके में सड़क के संकरे हिस्से, भारी ट्रैफिक और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण अक्सर हादसे होते रहते हैं।
नशे में था चालक? ब्लड सैंपल से खुलेगा राज
हादसे के बाद कुछ लोगों ने ट्रेलर चालक के शराब के नशे में होने की आशंका जताई। इस पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (यातायात एवं प्रशासन) प्रदीप मोहन शर्मा ने कहा कि अस्पताल में चालक का ब्लड सैंपल लिया जाएगा। मेडिकल रिपोर्ट में नशे की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सर्विस लेन में अवैध पार्किंग भी यातायात की समस्या बढ़ा रही है। पुलिस अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। साथ ही जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) के साथ मिलकर बाईपास पर सड़क इंजीनियरिंग और वाहनों की गति नियंत्रित करने के उपायों पर काम किया जाएगा।
ट्रांसपोर्टरों ने भी उठाए सवाल, पार्किंग व्यवस्था पर घेरा
वहीं, विश्वकर्मा ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश चौधरी ने सड़क किनारे ट्रकों की पार्किंग को लेकर उठ रहे सवालों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि बार-बार नो-एंट्री प्रतिबंध और पर्याप्त सुविधाओं की कमी के कारण ट्रक चालकों को परेशानी होती है। अचानक प्रतिबंध लगने और माल लोडिंग के सीमित समय के चलते भारी वाहनों को 80 से 100 किलोमीटर तक का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे ईंधन का खर्च बढ़ता है।
उन्होंने सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही की अनुमति देने की मांग की। चौधरी ने यह भी आरोप लगाया कि शिकरपुर रोड ट्रांसपोर्ट नगर योजना के तहत ट्रांसपोर्टरों ने भूखंडों के लिए 400 से 500 करोड़ रुपये तक का भुगतान किया है, लेकिन वहां अब तक सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गई हैं। ऐसे में भारी वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं बन पा रही है।